बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले को लेकर विपक्ष का हल्लाबोल, MVA ने किया 24 अगस्त को ‘महाराष्ट्र बंद' का ऐलान

महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) ने बुधवार को ठाणे जिले के बदलापुर स्थित एक स्कूल में दो बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न की घटना के विरोध में 24 अगस्त को ‘‘महाराष्ट्र बंद'' का आह्वान किया। वहीं बुधवार को कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने जगह-जगह प्रदर्शन किया।
बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले को लेकर विपक्ष का हल्लाबोल, MVA ने किया 24 अगस्त को ‘महाराष्ट्र बंद' को ऐलान
बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले को लेकर कांग्रेस ने मंत्रालय के सामने किया प्रदर्शन (सोर्स: एक्स@VarshaEGaikwad)
Published on
Updated on

मुंबई: ठाणे जिले के बदलापुर स्कूल में दो बच्चियों के यौन शाेषण का मामला उजागर होने के बाद से लगातार इसके विरोध में प्रदर्शन जारी है। पूरे महाराष्ट्र में जगह-जगह विराेध प्रदर्शन हो रहे हैं। मंगलवार को यह विराेध प्रदर्शन रेल रोको आंदोलन में बदल गया और सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक अंबरनाथ और कर्जत स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं ठप हो गई थी। इस दाैरान पुलिस ने बल प्रयोग भी किया। बदलापुर मामले को लेकर विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर हमलावर है।

महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) ने बुधवार को ठाणे जिले के बदलापुर स्थित एक स्कूल में दो बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न की घटना के विरोध में 24 अगस्त को ‘‘महाराष्ट्र बंद'' का आह्वान किया। वहीं बुधवार को कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने जगह-जगह प्रदर्शन किया।

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने बताया कि एमवीए के घटक दल कांग्रेस, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने एक बैठक में यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि एमवीए के सभी सहयोगी दल 24 अगस्त को बंद में भाग लेंगे।

कांग्रेस ने मंत्रालय के सामने किया प्रदर्शन

विजय वडेट्टीवार ने कहा कि ‘‘हमने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे और भाजपा के नेतृत्व वाली ‘महायुति' सरकार के सभी मोर्चों पर विफल रहने पर चर्चा की।'' इस बीच, कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने बदलापुर की घटना को लेकर राज्य सचिवालय ‘मंत्रालय' के बाहर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान वडेट्टीवार और कुछ अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।

मंत्रालय के द्वार के बाहर तख्तियां थामे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्राथमिकी दर्ज करने में देरी के लिए सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने परिसर में घुसने से रोक दिया। गायकवाड़ और वडेट्टीवार ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के लिए राज्य सरकार पर निशाना साधा।

पुलिस ने बदलापुर के एक स्कूल में दो बच्चियों का यौन शोषण करने के आरोप में 17 अगस्त को स्कूल के एक सहायक को गिरफ्तार किया था। आरोपी पर स्कूल के शौचालय में बच्चियों का यौन शोषण करने का आरोप है। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि बच्चियों के माता-पिता को बदलापुर पुलिस थाने में 11 घंटे तक इंतजार करना पड़ा और उसके बाद ही अधिकारियों ने उनकी शिकायतों पर गौर किया।

मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का मांगा इस्तीफा

विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि महाराष्ट्र को शर्मसार कर देने वाली घटना मुख्यमंत्री के जिले ठाणे में घटी। आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसाई गईं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ये सब किसके लिए? किसे बचाना है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री दोनों को इस्तीफा देना चाहिए और महाराष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए। कम से कम इन दोनों को इस्तीफा देकर महायुति सरकार में हो रहे पापों का प्रायश्चित करना चाहिए।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com