संभाजीनगर: व्हॉट्सएप ग्रुप से शुरू हुआ खेल, दोगुने मुनाफे के झांसे में व्यवसायी महिला से 4.52 करोड़ की ठगी

Sambhajinagar Cyber Fraud: ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने छत्रपति संभाजीनगर की एक व्यवसायी महिला से 4.52 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
Sambhaji Nagar: Scam Initiated via WhatsApp Group Businesswoman Duped of ₹4.52 Crore Under the Lure of Double Profits
ऑनलाइन निवेश, वॉट्सएप फ्रॉड, छत्रपति संभाजीनगर,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sambhajinagar Trading Scam News: छत्रपति संभाजीनगर ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में कम समय में दोगुना-तिगुना और कई गुना लाभ कमाने का झांसा देकर एक व्यवसायी महिला से 4 करोड़ 52 लाख रुपये की ठगी किए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने वॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से महिला का विश्वास जीता और उन्हें करोड़ों रुपये निवेश करने के लिए प्रेरित किया। जब महिला ने अपनी जमा राशि और कथित लाभ वापस लेने का प्रयास किया तो पूरा मामला धोखाधड़ी का निकला।

इस मामले में पुंडलिक नगर पुलिस थाने में वॉट्सएप ग्रुप के एडमिन सहित अन्य अज्ञात सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गारखेडा क्षेत्र के सुतगिरणी चौक निवासी रचना गजाननराव देशमुख (45) हेल्थ केयर क्षेत्र में व्यवसाय करती हैं। करीब तीन सप्ताह पहले उन्हें एक वॉट्सएप ग्रुप में शामिल किया गया था। ग्रुप में खुद को शेयर बाजार के विशेषज्ञ बताने वाले लोग निवेश संबंधी सलाह देते थे और कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के दावे करते थे। इनके द्वारा निवेशकों को दिए जा प्रलोभन के चलते महिला ने अपनी पूरी कमाई लगा दी।

पीड़िता को कई गुना लाभ का दिया गया था लालच

ग्रुप के एडमिन और अन्य सदस्यों ने रचना देशमुख को विश्वास दिलाया कि उनके पास शेयर बाजार में निवेश की विशेष रणनीति है, जिससे निवेशकों को बहुत कम समय में दोगुना, तिगुना और उससे भी अधिक लाभ प्राप्त हो सकता है। ग्रुप में लगातार ऐसे संदेश साझा किए जाते थे, जिनमें निवेशकों को भारी मुनाफा मिलने के दावे किए जाते थे।

इन दावों और सलाहों पर भरोसा करते हुए रचना देशमुख ने अलग-अलग चरणों में कुल 4 करोड़ 52 लाख रुपये निवेश कर दिए, निवेश के बाद महिला को एक ऑनलाइन पोर्टल का एक्सेस दिया गया। इस पोर्टल पर उनके निवेश की राशि लगातार बढ़ती हुई दिखाई दे रही थी। कुछ ही दिनों में पोर्टल पर यह प्रदर्शित होने लगा कि उनकी जमा की गई रकम कई गुना बढ़ चुकी है। इससे उन्हें विश्वास हो गया कि उनका निवेश सुरक्षित है और उन्हें बड़ा लाभ मिलने वाला है।

रकम निकालते समय खुली सच्चाई

जब रचना देशमुख ने अपनी मूल राशि और लाभ की रकम निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने अलग-अलग कारण बताकर भुगतान टालना शुरू कर दिया। कभी तकनीकी समस्या तो कभी प्रक्रिया पूरी करने का बहाना बनाया गया। कई बार प्रयास करने के बावजूद उनके खाते में एक भी रुपया जमा नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने ग्रुप के एडमिन तथा अन्य सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि किसी ने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

अपने साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर रचना देशमुख और उनके पति ने 1 जून को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद पुंडलिक नगर पुलिस थाने में "Z99: HSBC Group Stock Research Institute" नामक वॉट्सएप ग्रुप के एडमिन तथा अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शिकायत मिलने पर पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच

पुलिस निरीक्षक अशोक भंडारे इस मामले की जांच कर रहे है। जांच एजेंसिया यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को इसी तरह निवेश के नाम पर ठगा है।

साथ ही ठगी की गई राशि किन बैंक खातों में भेजी गई और उसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। साइबर अपराध विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से निवेश पर असामान्य लाभ का दावा करने वाले लोगों से

सतर्क रहना चाहिए।

बिना जांच-पड़ताल के किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या अनजान व्यक्ति के कहने, पर बड़ी रकम निवेश करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। निवेश से पहले संबंधित स स्था और प्लेटफॉर्म की वैधता की जांच आवश्यक है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com