यातायात पुलिस का 367 रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई, 1.20 लाख रुपये वसूले, 26 रिक्शा जब्त

Traffic Police Campaign: छत्रपति संभाजी नगर में 24 सितंबर को पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 367 रिक्शा चालकों के खिलाफ अभियान चलाया, 3,84,500 रुपये का जुर्माना और 26 रिक्शा जब्त किए।
Chhatrapati Sambhaji nagar News
यातायात पुलिस का 367 रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई, 1.20 लाख रुपये वसूले, 26 रिक्शा जब्त
Updated on

Maharashtra News: शहर यातायात पुलिस ने 24 सितंबर बुधवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले रिक्शा चालकों के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया। इस अभियान में 367 रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 3,84,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस जुर्माने में से 1,20,700 रुपये मौके पर ही वसूले गए और 26 रिक्शा जब्त किए गए।

बढ़ते नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई

शहर में बढ़ती संख्या में बिना वर्दी, बिना कागजात, बिना लाइसेंस, शराब पीकर रिक्शा चलाने, यात्रियों से दुर्व्यवहार करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले रिक्शा चालकों को देखते हुए पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने यातायात विभाग को विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया था। इसी के तहत 24 सितंबर को शहर यातायात विभाग की सभी पांच शाखाओं ने संयुक्त अभियान चलाया।

अभियान में शामिल शाखाएं और अधिकारी

अभियान में शहर यातायात शाखा-1, वालुज यातायात शाखा, सिडको यातायात शाखा, छावनी यातायात शाखा और शहर यातायात शाखा-2 ने मिलकर अभियान चलाया। यह अभियान सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक विभिन्न चौराहों पर चलाया गया। इस अभियान का पुलिस उपायुक्त शर्मिष्ठा घारगे/वालावलकर के मार्गदर्शन और सहायक आयुक्त सुभाष भुजंग के नेतृत्व में संचालन किया गया।

अभियान में शामिल अधिकारियों में शहर यातायात शाखा-1 के निरीक्षक अमोल देवकर, वालुज के निरीक्षक राजेश यादव, सिडको के सहायक निरीक्षक हरेश्वर घुगे, छावनी के सहायक निरीक्षक सचिन मिरधे और शहर यातायात शाखा-2 के उपनिरीक्षक उतरेश्वर मुंडे प्रमुख थे।

आगे की योजना और अपील

पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी दोपहिया, तिपहिया और अन्य वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहन के लाइसेंस, दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।

छत्रपति संभाजी नगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
Navbharat Live
navbharatlive.com