

Three Missing Teenagers Rescued From Dadar Railway Station: मुंबई घूमने की इच्छा और घरवालों की डांट के डर से बिना किसी को बताए घर से निकले तीन नाबालिग बच्चों को शिऊर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल खोज निकाला। बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
तलवाड़ा गांव के 15 से 16 वर्ष आयु वर्ग के तीन किशोर 18 जून को अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए शिऊर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव ने बच्चों का तत्काल पता लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद शिऊर पुलिस ने तीन विशेष दल गठित किए। जांच के दौरान मनमाड, नांदगांव और रोटेगांव रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी जांच में पता चला कि बच्चे रेलगाड़ी से मुंबई की ओर गए हैं।
शिऊर पुलिस ने तत्काल छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, भुसावल और दादर रेलवे नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर बच्चों के फोटो और विवरण भेजे। इसी दौरान दादर रेलवे स्टेशन पर घूमते हुए तीनों बच्चे रेलवे पुलिस की नजर में आए। उन्हें सुरक्षित हिरासत में लेकर शिऊर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दल तुरंत दादर पहुंचा और बच्चों को अपने कब्जे में लेकर उनके परिजनों को सौंप दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत स्वामी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी भागवत फुंदे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वैभव रणखांब, उपनिरीक्षक सी।एच। मेंढके तथा पुलिसकर्मी थोरात, नरोडे और बोरकर ने सफलतापूर्वक पूरी की।