

Son Kills Father Over Property Dispute: छत्रपति संभाजीनगर में संपत्ति विवाद के चलते बेटे द्वारा अपने ही पिता पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सिल्कमिल क्षेत्र में सामने आई। गंभीर रूप से घायल पिता पटेल जफर करीमोद्दीन की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।पिता को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी पर भी आरोपी ने हमला कर उसे घायल कर दिया। सातारा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार। पटेल जफर करीमोद्दीन और उनके बेटे अब्दुल रहमान अब्दुल जफर (45) के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मामला अदालत में पहुंचा था। जहां फैसला पिता जफर करीमोद्दीन के पक्ष में आया। इसके बाद तहसील प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में विवादित भूखंड का कब्जा जफर करीमोद्दीन को सौंपा गया। इस दौरान आरोपी नाराज था।
शाम करीब पौने सात बजे प्लॉट का कब्जा लेकरं पिता जफर करीमोद्दीन अपनी बेटी के साथ घर लौट रहे थे। तभी आरोपी ने रिक्शा से उनका पीछा किया और वाहन के सामने रिक्शा खड़ी कर दी।इसके बाद उसने चाकू निकालकर पिता पर कई वार किए। बीच-बचाव करने आई बहन पर भी हमला किया। गंभीर रूप से घायल जफर करीमोद्दीन को अस्पताल पहुंचाया गया।लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।घायल बेटी को घाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।उसे 15 से 20 टांके लगाए गए हैं।
घटना के बाद फरार हुए आरोपी की तलाश में सातारा पुलिस की टीम ने अभियान चलाया। रात करीब नौ बजे उसे मिटमिटा क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार। उसने नींद की गोलियां खाई थीं और उसे उपचार के लिए घाटी अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार। मृतक अबरार कॉलोनी में रहते थे। जबकि आरोपी अपने परिवार के साथ सिल्कमिल कॉलोनी में निवास करता था। पिछले आठ से दस महीनों से दोनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी अब्दुल रहमान मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्य करता था और इलाके में उसे लोग डॉक्टर के नाम से जानते थे। मामले की जांच उपनिरीक्षक नंदकुमार भंडारे कर रहे हैं।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट