Chhatrapati Sambhajinagar स्मार्ट सिटी परियोजनाएं अब मनपा के हवाले, 30 से ज्यादा अधिकारियों को जिम्मेदारी

Sambhajinagar Smart City Mission: स्मार्ट सिटी मिशन समाप्त होने के बाद सभी परियोजनाएं 1 मई से मनपा को सौंप दी गई हैं। 30 से अधिक अधिकारियों को जिम्मेदारी देकर विभागवार संचालन शुरू किया गया।
Chhatrapati Sambhajinagar Smart City Projects Handed Over to Municipal Corporation; Responsibility Assigned to Over 30 Officials
स्मार्ट सिटी संभाजीनगर, (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sambhajinagar Smart City Projects: छत्रपति संभाजीनगर केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी मिशन योजना की अवधि 30 अप्रैल को समाप्त होने के बाद, शहर में जारी और पूर्ण हुई सभी परियोजनाएं 1 मई से आधिकारिक रूप से मनपा को हस्तांतरित की गई हैं। इस अहम फैसले के बाद स्मार्ट सिटी के अंतर्गत विकसित विभिन्न परियोजनाओं की देखभाल, मरम्मत और आगे के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी मनपा के अलग-अलग विभागों को सौंपी गई है।

इसके लिए बाकायदा 30 से अधिक अधिकारियों की नियुक्ति कर कार्यों का स्पष्ट रूप से विभाजन भी किया गया है। नागरिकों को निर्वाध सेवाएं बहाल करने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गई हैं। नगर विकास विभाग के 21 अप्रैल के शासनादेश के अनुसार, मनपा आयुक्त अमोल येड़गे ने इस बाबत आदेश जारी किए हैं।

इसके तहत शहर बस सेवा, बस डिपों का संचालन और रखरखाव कार्यकारी अभियंता अमोल कुलकर्णी, विजय गोरे और मोहिनी वारभुवन को सौंपा गया है। स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र के अंतर्गत एन-11 स्थित मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल व स्मार्ट स्कूल भवनों का प्रबंधन विजय गोरे देखेंगे।

मनपा आयुक्त येड़गे ने जारी किया आदेश

स्कूलों में आईटी सुविधाओं व फर्नीचर का दायित्व उपायुक्त लखीचंद चव्हाण को सौंपा गया है। इसके अलावा कमांड कंट्रोल सेंटर, ई-गवर्नेस प्रणाली व आईटी से जुड़े सभी प्रोजेक्ट्स का नियंत्रण भी चव्हाण को सौंपा गया है। सड़क विकास, हेरिटेज संरक्षण व स्मार्ट पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं की जिम्मेदारी कार्यकारी अभियंता बालासाहेब शिरसाट को दी गई है। सफारी पार्क के सिविल कार्य वसंत भोये देखेंगे, पौधारोपण का जिम्मा मुख्य उद्यान अधिकारी विजय पाटील संभालेंगे,

भोये देखेंगे सफारी पार्क के सिविल कार्य

क्रांति चौक क्षेत्र के सौदर्याकरण, विद्युत व्यवस्था व ऐतिहासिक प्रवेश द्वारों की रोशनी का दायित्व विद्युत विभाग को सौंपा गया है। यही नहीं, मेट्रो परियोजना के डीपीआर व स्वच्छ सड़क अभियान की जिम्मेदारी अमोल कुलकर्णी व नंदकिशोर भोंबे को सौंपी गई है।

स्मार्ट सिटी कार्यालय के सभी प्रोजेक्ट्स से संबंधित फाइलें, दस्तावेज, अभिलेख और सामग्री तत्काल मनपा को सौंपने के निर्देश मनपा आयुक्त येड़गे ने देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी यह प्रक्रिया पूरी कर अनुपालन रिपोर्ट पेश करें। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत विकसित सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित रखरखाव और प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी बताया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com