

Water Pipeline Burst: छत्रपति संभाजीनगर शहर में भीषण गर्मी और गहराते जल संकट के बीच गुरुवार को एक हृदयविदारक दृश्य सामने आया। टाउन हॉल क्षेत्र स्थित मलिक अंबर फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मुख्य जल पाइपलाइन फट गई। इस हादसे के कारण करीब डेढ़ घंटे तक लाखों लीटर शुद्ध पानी सड़कों पर बहकर नालों में मिल गया। जब शहर की आधी आबादी बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रही है, तब इस तरह की बर्बादी ने मनपा प्रशासन की आपातकालीन कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की है। जुबली पार्क जलकुंभ से कैंसर अस्पताल की ओर पानी की आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन मलिक अंबर फ्लाईओवर से होकर गुजरती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहन ने पाइपलाइन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पाइपलाइन तुरंत फट गई और अत्यधिक दबाव (High Pressure) के कारण पानी फव्वारे की तरह ऊंचाई तक उछलने लगा। देखते ही देखते फ्लाईओवर के ढलान पर पानी का सैलाब जमा हो गया।
जहाँ एक ओर पानी की बर्बादी देख जागरूक नागरिक चिंतित थे, वहीं दूसरी ओर समाज की संवेदनहीनता भी उजागर हुई। सड़क पर बहते पानी को देखकर कुछ राहगीरों ने मौके का फायदा उठाना शुरू कर दिया और वहीं पर अपने दोपहिया और चार पहिया वाहन धोने लगे। संकट के समय में नागरिकों का यह व्यवहार 'आध्यात्मिक और ऐतिहासिक' कहे जाने वाले इस शहर की छवि पर एक दाग की तरह दिखा।
सबसे ज्यादा आक्रोश महानगरपालिका की सुस्ती को लेकर है। पाइपलाइन फटने की सूचना तुरंत दी गई थी, लेकिन प्रशासन को मुख्य वाल्व (Valve) बंद करने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया जानकारों के अनुसार, डेढ़ घंटे में लाखों लीटर पानी बर्बाद हो गया, जिससे कैंसर अस्पताल क्षेत्र की जलापूर्ति भी प्रभावित हुई। फ्लाईओवर पर पानी जमा होने के कारण यातायात बाधित हुआ और दुर्घटना की आशंका बनी रही।