छत्रपति संभाजीनगर में पथ विक्रेता समिति चुनाव का ऐलान, 25 जुलाई को मतदान, 1 जुलाई से नामांकन पत्र मिलेंगे

Sambhajinagar Path Vikreta Samiti Election: छत्रपति संभाजीनगर में पथ विक्रेता समिति के 8 सदस्यीय चुनाव की प्रक्रिया शुरू। 1 जुलाई से नामांकन, 25 जुलाई को मतदान, 26 जुलाई को गिनती व परिणाम घोषित होंगे।
Sambhajinagar Path Vikreta Samiti Election Voting 25 July 2026
पथ विक्रेता समिति चुनाव का ऐलान (सोर्स: AI)
Updated on

Sambhajinagar Path Vikreta Samiti Election Voting: शहर के पथ विक्रेताओं को प्रतिनिधित्व देने वाली महानगरपालिका पथ विक्रेता समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। महानगरपालिका ने समिति की आठ सदस्यीय निर्वाचित सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। नामांकन पत्रों का वितरण 1 जुलाई से प्रारंभ होगा, जबकि 25 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। मतगणना अगले दिन 26 जुलाई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित हैं सीटें

महानगरपालिका द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 तथा महाराष्ट्र पथ विक्रेता नियम, 2016 के तहत चुनाव कराया जाएगा। आठ सीटों में अनुसूचित जाति के लिए एक, अनुसूचित जनजाति महिला के लिए एक, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए एक, अल्पसंख्यक वर्ग के लिए एक, दिव्यांग वर्ग के लिए एक, खुला वर्ग महिला के लिए एक तथा खुला वर्ग सामान्य के लिए दो सीटें निर्धारित की गई हैं।

1 से 17 जुलाई तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया

नामांकन पत्र 1 से 4 जुलाई तक सुबह 11 से शाम 4 बजे के बीच महानगरपालिका मुख्यालय के परियोजना विभाग से प्राप्त किए जा सकेंगे। 6 से 11 जुलाई तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 13 जुलाई को प्रारंभिक जांच होगी, 14 और 15 जुलाई को आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी तथा 16 जुलाई को अंतिम वैध उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। उम्मीदवार 17 जुलाई शाम 5 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे, जिसके बाद अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

छह मतदान केंद्रों पर होगा मतदान

मतदान 25 जुलाई को सुबह 7.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसके लिए शहर के विभिन्न प्रभागों के पथ विक्रेताओं हेतु छह मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें भडकल गेट, किराड पुरा, एन-7 सिडको, मुकुंदवाड़ी, शाहनूर मियां दरगाह स्थित प्रियदर्शिनी मनपा विद्यालय तथा सिल्क मिल कॉलोनी स्थित मनपा विद्यालय शामिल हैं।

26 जुलाई को आएगा फैसला

मतगणना 26 जुलाई को सुबह 11 बजे से संभाजीनगर महानगरपालिका मुख्यालय में शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचित सदस्यों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। समिति का गठन होने के बाद शहर के पथ विक्रेताओं से जुड़े अधिकारों, पुनर्वास और नियमन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णयों में इन निर्वाचित सदस्यों की अहम भूमिका रहेगी।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com