

Municipal Advertisement Tax Recovery: छत्रपति संभाजीनगर शहर में लगे अनधिकृत होर्डिग्स को तत्काल हटाने और जिन विज्ञापन एजेंसियों ने अब तक कर का भुगतान नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश मनपा स्थायी समिति सभापति अनिल मकरिये ने मंगलवार को दिये।
स्मार्ट सिटी कार्यालय में होर्डिंग्स संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विज्ञापन प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सभापति ने शहर में कुल कितने विज्ञापन फलक हैं, डिजिटल होर्डिंग्स की संख्या कितनी है, महानगरपालिका के विकास कार्यों का प्रचार इन माध्यमों से किया जा रहा है या नहीं, तथा डिजिटल विज्ञापनों के लिए कितना शुल्क लिया जाता है-इन सभी बिंदुओं पर जानकारी ली।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि महानगरपालिका के जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित करने वाले फलक भी शहर में लगाए जाएं, ताकि नागरिकों को विकास कार्यों की जानकारी मिल सके।
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका द्वारा संचालित स्मार्ट सिटी बस सेवा की नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और हजारों लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। इसी क्रम में स्थायी समिति सभापति अनिल मकरिये ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में बस सेवा की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने महिलाओं के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने और शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए 'संभाजीनगर दर्शन' बस सुविचा प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर चर्चा की बैठक में बस सेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
जिसमें कुल बस स्टॉप की संख्या, बस चालकों और परिचालकों की संख्या, अब तक की आय, आय में आई कमी के कारण और उसके समाधान, बसों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की व्यवस्था तथा बसों की समयपालन स्थिति जैसे मुद्दे शामिल रहे।
इस अवसर पर मनपा की उप आयुक्त अपर्णा थेटे, मुख्य संचालन प्रबंधक (सिटी बस) संजय सुपेकर, सहायक आयुक्त (संपत्ति प्रबंधन) संजय चामले सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।