

Marriage Ceremony Theft Maharashtra: छत्रपति संभाजीनगर विवाह समारोह के दौरान घर की अलमारी से 9 लाख, 7,000 रुपए से अधिक रुपए मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। यह दुस्साहसपूर्ण चोरी की घटना 26 फरवरी की दोपहर 2.30 से 4.30 बजे के बीच मछली खड़क में हुई। घर की चाबी लेकर जाने वाले दंपति निखिल राजेंद्र टिकार व वर्षों टिकार (दोनों निवासी धनकवड़ी, पुणे) पर चोरी का शक जताया गया है।
उनके खिलाफ सिटी चौक पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। छत्रपति संभाजीनगर पुलिस निरीक्षक निर्मला परदेशी ने कहा कि मछली खड़क क्षेत्र निवासी मनोज बोंबले (34) ने फरियाद दर्ज कराई कि 26 फरवरी को उनके रिश्तेदार का विवाह समारोह होने से घर पर बड़ी संख्या में अतिथि आए थे। परिवार के सदस्य विवाह के लिए दोपहर 1 बजे गारखेड़ा क्षेत्र स्थित मोदक होटल में गए।
रिश्तेदार निखिल टिकार बोंबले के पिता से मिला व कहा कि उसकी पत्नी वर्षा की तबियत खराब है व आराम के लिए घर की चाबी देने की विनती की। पिता से चाबी लेकर टिकार दंपति दोपहर में 2.30 बजे घर में गए। 4.30 बजे चाबी जिस दुकान से ली गई थी, वहां देकर विवाह स्थल पर आए। पीआई परदेशी ने कहा कि 3 मार्च को बोंबले की दादी के ऑपरेशन के बाद मंगलसूत्र लेने उनकी मां प्रमिला बोंबले ने अलमारी खोलकर देखी, तो वह गायब था।
अलमारी के अन्य जेवरात भी गायब थे। इनमें प्रमुख रूप से 7 लाख रुपये मूल्य के 100 ग्राम वजनी सोने के बिस्कुट, 70,000 रुपए मूल्य की 10 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी, 50,000 रुपए का सोने की मणिपोत, 30,000 रुपए के कान के जेवरात, 50,000 रुपए के 300 ग्राम वजनी चांदी का टुकड़ा व 7,000 रुपए का एक सोने का टॉप्स आदि 9 लाख, 7,000 रुपए के जेवरात शामिल है। प्रकरण की जांच सिटी पुलिस थाने के उपनिरीक्षक राठौड़ कर रहे हैं।