

Chhatrapati Sambhajinagar Property Tax Campaign: छत्रपति संभाजीनगर टैक्स के दायरे से बाहर रह गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें संपत्ति कर के दायरे में लाने के लिए मनपा की ओर से संचालित किए जा रहे 'मेरा टैक्स, मेरी जिम्मेदारी' विशेष अभियान को नागरिकों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। सातारा-देवलाई (जोन 8) व कांचनवाड़ी-नक्षत्रवाड़ी (जोन 10) क्षेत्र में 20 से 22 मई तक चलाए गए अभियान में महज तीन दिनों में 1,032 नई संपत्तियों पर कर निर्धारण किया गया। महापौर समीर राजूरकर, उपमहापौर राजेंद्र जंजाल, सभापति अनिल मकरिये व नेता प्रतिपक्ष अब्दुल समीर साजिद के सुझाव व आयुक्त अमोल येड़गे के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले के मार्गदर्शन में छत्रपति संभाजीनगर शहर की कर दायरे से बाहर संपत्तियों की जानकारी जुटाकर उन्हें कर प्रणाली में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के तहत अधिकारियों व कर्मियों ने क्षेत्र में जाकर नई संपत्तियों का निरीक्षण, पंजीकरण व कर निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की। कम समय में बड़ी संख्या में संपत्तियों के पंजीकरण से मनपा के राजस्व में वृद्धि होने के आसार हैं।
इससे कर दायरे से बाहर रह गई संपत्तियों का सही रिकॉर्ड तैयार होकर संपत्ति कर व्यवस्था अधिक पारदर्शी व प्रभावी बन रही है। जानकारी के अनुसार मनपा क्षेत्र में बड़ी संख्या में बिना टैक्स की संपत्तियों के बारे में लगातार शिकायतें मिल रही ती, जिसको लेकर मनपा प्रशासन की तरफ से तैयारी कर विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई और नई संपत्तियों की जानकारी जुटाई गई।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा के व्यापक अभियान के तहत शहर में अब तक 3,000 से अधिक संपत्तियों पर कर निर्धारण किया जा चुका है। जोन 8 में तकनीकी कर्मी कुणाल भोसले के साथ प्राप्ति जाधव, कृष्णा ठोकल व गणेश वीर ने कार्य किया। जोन 10 में मुकेश खड़से, संतोष वाचासुंदर, शिवम घोड़के व आसिफ शेख ने जिम्मा संभाला।
अभियान की योजना जोन 8 के सहायक आयुक्त भरत बिरारे व जोन 10 की सहायक आयुक्त अर्चना राजपूत ने बनाई। यह विशेष अभियान अगले सप्ताह भी जारी रहेगा। प्रशासन ने संपत्ति धारकों से स्वयं आगे आकर संपत्ति कर निर्धारण कराने लव उपलब्ध 10 फीसदी छूट का लाभ लेने की अपील की है।