संभाजीनगर में अवैध होर्डिंग्स पर मनपा की अंतिम चेतावनी, 18 जुलाई तक खुद हटाएं, वरना होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

Sambhajinagar Illegal Hoardings: छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने अवैध होर्डिंग्स और फ्लेक्स के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त अमोल येडगे ने 18 जुलाई तक इन्हें हटाने की आखिरी समय सीमा दी है।
Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Corporation issues warning against illegal hoardings, setting July 18 deadline for self-removal before strict action.
अवैध होर्डिंग्स (प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Corporation Amol Yedge: छत्रपति संभाजीनगर शहर की सुंदरता, यातायात व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए महानगरपालिका ने अवैध होर्डिंग्स, फ्लेक्स और बैनरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में बिना अनुमति लगाए गए सभी होर्डिंग्स, फ्लेक्स और बैनर संबंधित व्यक्ति, संस्था या विज्ञापनदाता 18 जुलाई तक स्वयं हटा लें। निर्धारित समय सीमा के बाद पाए जाने वाले सभी अवैध होर्डिंग्स को महानगरपालिका का विशेष दल हटाएगा और संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी तथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नियमों का हो रहा उल्लंघन

मनपा प्रशासन के अनुसार छत्रपति संभाजीनगर शहर में लंबे समय से अवैध विज्ञापन सामग्री हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद अनेक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन कर बिना अनुमति बड़े-बड़े होर्डिंग्स और फ्लेक्स लगाए जा रहे हैं, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ यातायात और जनसुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इसी पृष्ठभूमि में आयुक्त अमोल येडगे ने सभी व्यक्ति, सामाजिक संस्थाओं, राजनीतिक दलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा विज्ञापन एजेंसियों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर सभी अवैध होर्डिंग्स और बैनर हटाने के निर्देश दिए हैं।

सौंदर्याकरण अभियान में सहयोग की अपील

आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि 18 जुलाई के बाद यदि किसी भी स्थान पर बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग्स या फ्लेक्स पाए गए, तो महानगरपालिका का अतिक्रमण दल उन्हें तत्काल हटाएगा। इसके अलावा संबंधित व्यक्तियों पर प्रचलित कानूनों और महानगरपालिका के नियमों के अनुसार जुर्माना तथा अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को अवैध विज्ञापनों से मुक्त करना, सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण रोकना, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शहर की स्वच्छ और व्यवस्थित छवि बनाए रखना है।

प्रशासन ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, व्यापारियों और विज्ञापनदाताओं से नियमों का पालन करते हुए शहर के सौंदर्याकरण अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com