

Municipal Corporation Cuts Illegal Water Connections In Sambhajinagar: शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को प्रभावित करने और पानी की चोरी को बढ़ावा देने वाले अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शंभूनगर क्षेत्र में 150 मिमी उप जलवाहिनी पर लगाए गए 96 अवैध नल कनेक्शन काट दिए।
मनपा आयुक्त अमोल येडगे के सख्त निर्देशों के अनुसार शुक्रवार 12 जून को त्रिशरण चौक के समीप शंभूनगर से गादिया विहार की ओर जाने वाले मार्ग पर पुल से गुजरने वाली उप जलवाहिनी पर विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से शहर में पानी की चोरी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और अधिकृत उपभोक्ताओं को नियमित तथा पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
आयुक्त अमोल येडगे ने शहर की सभी मुख्य और वितरण जलवाहिनियों का सर्वेक्षण कर अवैध नल कनेक्शनों की पहचान करने तथा उन्हें तत्काल काटने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत मनपा की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान शुरू किया है। शंभूनगर में की गई यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
अतिरिक्त आयुक्त-2 कल्पिता पिंपले के मार्गदर्शन तथा पथक अभियंता रोहित इंगले के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिरिक्त नगर अभियंता अनिल तनपुरे, कार्यकारी अभियंता वसंत भोये, उप अभियंता किरण धांडे, शाखा अभियंता महेश चौधरी, कनिष्ठ अभियंता सुशील कुलकर्णी तथा द्वितीय निरीक्षक सचिन वसावे सहित मनपा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निरीक्षक सचिन कुंभार, सहायक फौजदार चंद्रकांत पोटे, हेड कांस्टेबल गजानन महेर, विजू बोरसे, महिला कर्मी रजेला भिल्ल, नीता मोथुले तथा नागरिक सहायता दल के जवान तैनात किए गए थे।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध नल कनेक्शनों और पानी की चोरी के कारण अधिकृत उपभोक्ताओं को भारी जल संकट का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा प्रत्येक अधिकृत उपभोक्ता तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट