छत्रपति संभाजीनगर में कार की शिशा तोड़कर 20 लाख रुपये से भरा बैग उड़ाया,स्पोर्ट्स बाइक से फरार हुए दो बदमाश

Cash Filled Bag Stolen In Sambhajinagar: एचडीएफसी बैंक के बाहर फॉर्च्यूनर कार का शीशा तोड़कर बदमाश 20 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस को रेकी कर वारदात अंजाम देने की आशंका है।
Cash Filled Bag Stolen From Car In Sambhajinagar
कार की जांच करते हुए पुलिस (सोर्सः AI)
Published on
Updated on

Cash Filled Bag Stolen From Car In Sambhajinagar: शहर में दिनदहाड़े एक साहसिक चोरी की वारदात सामने आई है। बीड बाई पास रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने खड़ी फॉर्च्यूनर कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा 20 लाख रुपये नकद से भरा बैग अज्ञात बदमाश लेकर फरार हो गए।

घटना 11 जून को दोपहर करीब 12.15 से 1 बजे के बीच हुई। पुलिस को संदेह है कि आरोपियों ने कारोबारी की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी थी और पूरी योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। मामले में सातारा पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया है।

30 लाख रुपये लेकर बैंक पहुंचे थे कारोबारी

देवलाई क्षेत्र निवासी फैसल जाबेद खान (25) प्लॉटिंग व्यवसाय से जुड़े हैं। गुरुवार को वह अपने रिश्तेदारों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन से बीड बायपास रोड स्थित एचडीएफसी बैंक पहुंचे थे। उनके पास कुल 30 लाख रुपये नकद थे। इनमें से 10 लाख रुपये उन्होंने बैंक में जमा कर दिए। शेष 20 लाख रुपये जमा करने पर अतिरिक्त शुल्क लगने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने रकम एक बैग में रखकर कार के भीतर सुरक्षित रख दी और बैंक के अंदर आरटीजीएस से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने चले गए।

बैंक कर्मचारी की सूचना से हुआ चोरी का खुलासा

आरटीजीएस का फॉर्म भरने के दौरान बैंक की एक महिला कर्मचारी ने बाहर किसी वाहन का शीशा टूटने और सायरन बजने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फैसल खान और उनके रिश्तेदार बैंक से बाहर आए। उन्होंने देखा कि फॉर्च्यूनर के बाईं ओर के अगले दरवाजे का शीशा टूटा हुआ था और कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चेहरे ढंककर स्पोर्ट्स बाइक से भागे आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चेहरे पर सफेद रूमाल बांधे दो युवक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर झाल्टा फाटा की दिशा में तेज गति से भागते दिखाई दिए।फैसल खान और उनके साथ मौजूद लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेजी से फरार हो गए।

रेकी कर वारदात को अंजाम देने की आशंका

घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस को संदेह है कि बदमाशों ने पहले से कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी। बैंक में 10 लाख रुपये जमा किए जाने और शेष 20 लाख रुपये कार में रखे जाने की जानकारी आरोपियों तक कैसे पहुंची, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस बैंक परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

सातारा पुलिस ने दर्ज किया मामला

फैसल जाबेद खान की शिकायत पर सातारा पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उपनिरीक्षक कोकणे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सकेगा।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com