संभाजीनगर: मानसून आपदा से निपटने के लिए मनपा की तैयारी तेज; स्मार्ट सिटी में खुलेगा 24 घंटे का नियंत्रण कक्ष

Sambhajinagar Monsoon: छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने मानसून आपदा प्रबंधन के तहत स्मार्ट सिटी दफ्तर में 24 घंटे का कंट्रोल रूम बनाया है। जलभराव रोकने के लिए पंप और स्कूबा डाइवर्स टीमें तैनात की गई हैं।
Chhatrapati Sambhajinagar civic body steps up monsoon disaster management with a 24x7 control room, deploying scuba divers and heavy pumps to tackle waterlogging.
छत्रपति संभाजीनगर (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Monsoon disaster management News: आगामी मानसून को देखते हुए छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने और नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्मार्ट सिटी कार्यालय में 24 घंटे संचालित होने वाला विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग का नियंत्रण कक्ष भी लगातार सक्रिय रहेगा।

मनपा प्रशासन ने संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हसूल तालाब में तैराकी करने और परिसर में अनावश्यक रूप से घूमने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों का मानना है कि मानसून के दौरान जलाशयों में जलस्तर बढ़ने से हादसों की आशंका रहती है, इसलिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग ने किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए 15-15 कर्मचारियों वाली स्कूबा डाइवर्स की दो विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें जल दुर्घटनाओं और बचाव कार्यों के लिए चौबीसों घंटे तैयार रहेंगी। इसके अलावा दो रेस्क्यू टीमें, दो क्विक रिस्पांस टीमें और दो होमगार्ड टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

छत्रपति संभाजीनगर शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए यांत्रिकी विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। विभाग ने 16 फ्लोटिंग पंप और 16 ट्रेलर पंप की व्यवस्था की है। इन पंपों की मदद से बारिश के दौरान सड़कों, चौराहों और निचले इलाकों में जमा पानी को तेजी से निकाला जाएगा, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित न हो।

इसके अलावा अग्निशमन विभाग के 16 फायर टेंडर भी पूरी तरह तैयार रखे गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें राहत और बचाव कार्यों में लगाया जाएगा। मनपा ने विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए मानसून पूर्व सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

मनपा अधिकारियों के अनुसार, बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की आपदा, जलभराव, दुर्घटना या आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभाजीनगर मानसून के दौरान संभावित चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com