

Chhatrapati Sambhajinagar Chandrakant Khaire Shiv Sena: छत्रपति संभाजीनगर शिवसेना नेता चंद्रकांत खैरे ने मनपा आयुक्त अमोल येडगे को पत्र भेजकर शहर की जर्जर सड़कों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने मांग की है कि मानसून शुरू होने से पहले सड़क चौड़ीकरण के अधूरे कार्य पूरे किए जाएं तथा शहर को गड्ढामुक्त बनाने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए।
खैरे ने कहा कि कुछ माह पूर्व मनपा ने सड़कों को चौड़ा करने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। नागरिकों ने भी विकास कार्यों को समर्थन दिया था, लेकिन अतिक्रमण हटाए जाने के बाद भी सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया। कई स्थानों पर टूटी हुई संरचनाएं, खुले नाले और मलबे के ढेर अब भी पड़े हैं, जिससे सड़कें पहले की तुलना में अधिक संकरी और खतरनाक हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि अधूरे कार्यों के कारण सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्डों से बचने के प्रयास में रोजाना छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। विशेषकर रात के समय दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उड़ती धूल के कारण बच्चों और बुजुर्गों में श्वसन संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं, जबकि बरसात में गड्ढों में पानी जमा होने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
खैरे ने आरोप लगाया कि जहां से अतिक्रमण हटाया गया था, वहां फिर से छत्रपति संभाजीनगर में अवैध फेरीवालों, वाहनों और दुकानों के सामान का कब्जा होने लगा है। इससे यातायात बाधित हो रहा है और पैदल यात्रियों को जान जोखिम में डालकर चलना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि बरसात से पहले युद्धस्तर पर सड़कों का डामरीकरण अथवा सीमेटीकरण किया जाए। सभी गड्डों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री से भरा जाए।