छत्रपति संभाजीनगर, जालना व वाशिम में अस्पताल सुरक्षा होगी मजबूत, 3 मेडिकल कॉलेजों को मिला सुरक्षा कवच

Sambhajinagar Hospital Safety: महाराष्ट्र सरकार ने छत्रपति संभाजीनगर, जालना और वाशिम के सरकारी मेडिकल कॉलेजों व अस्पतालों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 9 करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक खर्च को मंजूरी दी।
medical college security approval
Chhatrapati Sambhajinagar hospital safety (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar: सरकारी मेडिकल कॉलेज और उनसे संबद्ध अस्पतालों में बढ़ती सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। महाराष्ट्र सरकार के चिकित्सा शिक्षा एवं औषधि द्रव्य विभाग के अधीन छत्रपति संभाजीनगर, जालना और वाशिम स्थित संस्थानों के लिए कुल 191 सुरक्षा रक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। इसके लिए लगभग 9 करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक व्यय को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

छत्रपति संभाजीनगर के लिए सर्वाधिक 106 सुरक्षा रक्षक स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 6 सुरक्षा पर्यवेक्षक, 10 सशस्त्र सुरक्षा गार्ड, 20 महिला सुरक्षा गार्ड और 70 पुरुष सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। इसके लिए लगभग 5.56 करोड़ रुपये का वार्षिक खर्च निर्धारित किया गया है।

9 करोड़ से अधिक खर्च स्वीकृत

जालना के लिए 14 सुरक्षा रक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है, जिस पर 67.33 लाख रुपये का खर्च स्वीकृत किया गया है। वहीं वाशिम के लिए 71 सुरक्षा रक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए लगभग 3.05 करोड़ रुपये का वार्षिक प्रावधान किया गया है।

अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण

इस संबंध में जारी सरकारी निर्णय के बाद छात्रों, प्राध्यापकों, डॉक्टरों, कर्मचारियों, मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। अस्पताल और छात्रावास परिसर में अधिक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। यह सेवा राज्य सुरक्षा तथा पूर्व सैनिक महामंडल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित संस्थानों के अधिष्ठाता स्तर पर अनुबंध कर 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इससे अस्पतालों की सेवाएं अधिक विश्वसनीय होंगी और छात्रों को भी अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com