नासिक कुंभ मेले से पहले बदलेगी घृष्णेश्वर मंदिर की सूरत, छत्रपति संभाजीनगर कलेक्टर ने दिए निर्देश

Chhatrapati Sambhajinagar News: छत्रपति संभाजीनगर के घृष्णेश्वर मंदिर में कुंभ मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर विनय गौड़ा ने विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारि-ठेकेदारों को निर्देश दिए।
Grishneshwar Temple Development
छत्रपति संभाजीनगर कलेक्टर को भेंट देते घृष्णेश्वर मंदिर प्रतिधिनि
Published on
Updated on

Grishneshwar Temple Development: आगामी नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए छत्रपति संभाजीनगर के एलोरा स्थित घृष्णेश्वर मंदिर क्षेत्र में चल रही विकास योजना के कार्यों की समीक्षा कलेक्टर विनय गौड़ा ने की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए सभी बुनियादी ढांचे के कार्य आपसी समन्वय के साथ तय समय में पूरे किए जाएं।

बैठक में भक्त निवास, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, दर्शन मार्ग, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था तथा सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण हटाने से जुड़े कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिन निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा करना तय किया गया है, उन्हें किसी भी स्थिति में समय पर पूरा किया जाए। यदि कार्य में देरी होती है तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंदिर परिसर और संरक्षित स्मारकों के विकास पर जोर

छत्रपति संभाजीनगर कलेक्टर ने घृष्णेश्वर मंदिर परिसर का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पुरातत्व विभाग से अनुरोध किया कि संरक्षित स्मारकों और आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक अनुमति और सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को भी विभिन्न निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आने वाले समय में देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्था, वैकल्पिक यातायात मार्ग, पार्किंग स्थल, बस स्टैंड और ठहरने की सुविधाएं सुनिश्चित की जाए। साथ ही मार्गदर्शन के लिए सड़क किनारे दिशा सूचक संकेतक मराठी, हिंदी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में लगाए जाएं।

तहसील कार्यालय के कार्यों की भी समीक्षा

बैठक के दौरान खुलताबाद तहसील के राजस्व कार्यों की भी समीक्षा की गई। शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर के अंतर्गत लाभार्थियों को मिले लाभ, लंबित नामांतरण, जनगणना से जुड़े कार्य, भूमि अधिग्रहण तथा आवास योजनाओं के लिए रेत उपलब्धता जैसे विषयों पर चर्चा की गई। एक माह से अधिक समय से लंबित नामांतरण मामलों में संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

-नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com