

Chhatrapati Sambhajinagar News In Hindi: शहर के महेश नगर में एक चिकित्सक ने बगैर अनुमति पेड़ कटाई करने पर 1 लाख रुपए और सिडको एन-6 स्थित एक चर्च की परिधि में अशोक प्रजाति के 7 पेड़ों के काटने पर 3 लाख रुपए का दंड लगाने का अहम निर्णय मनपा के उद्यान विभाग ने लिया है।
इससे पर्यावरण को हानि पहुंचाने वालों को करारा झटका लगा है। उद्यान अधीक्षक विजय पाटील ने बताया कि, महेश नगर के डॉ। स्नेहकुमार सोमानी ने 20 वर्ष पुराने सोनमोहर प्रजाति के पेड़ कटाई के लिए कुछ महीने पहले अनुमति मांगी थी, जो निर्माण कार्य में बाधक बन रहा था। हालांकि, उन्हें अनुमति नहीं मिली थी।
बाद में उनके उक्त पेड़ तोड़ने पर इस बाबत वृक्ष प्राधिकरण को शिकायत मिली थी। सहायक उद्यान अधीक्षक नानासाहेब पठाड़े ने घटनास्थल का मुआयना करने पर पेड़ कटाई का खुलासा हुआ। तदुपरांत संबंधित डॉक्टर पर एक लाख रुपए का दंड लगाने का प्रस्ताव होने की जानकारी पाटील ने दी।
सिडको एन-6 स्थित एक चर्च के परिसर में अशोक प्रजाति के 7 पेड़ों की शिकायत मिलने के बाद मनपा ने चर्च प्रशासन को नोटिस जारी किया है। इस पर जवाब देते हुए चर्च प्रबंधन ने गलती स्वीकारते हुए इसके बदले में 10 पेड़ लगाने का खुलासा किया। वृक्ष प्राधिकरण ने इसे पर बेहद सख्ती से लेकर 3 लाख रुपए दंड लगाने का निर्णय लेने की जानकारी उद्यान अधीक्षक पाटील ने दी।