छत्रपति संभाजीनगर में 25 जुलाई को होगा पथ विक्रेता समिति चुनाव, 14,098 मतदाता करेंगे मतदान

Street Vendor Committee Election 2026: छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने 25 जुलाई को होने वाले पथ विक्रेता समिति चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 14,098 मतदाता छह केंद्रों पर आठ सदस्यों का चुनाव करेंगे।
Chhatrapati Sambhajinagar Street Vendor Committee Election 2026
पथ विक्रेता समिति चुनाव की तैयारी (फोटो नवभारत)
Updated on

Sambhajinagar Street Vendor Committee Election 2026: महानगरपालिका ने महाराष्ट्र पथ विक्रेता आजीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन नियम, 2016 के तहत 25 जुलाई को होने वाले पथ विक्रेता समिति चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को उप आयुक्त-2 एवं निर्वाचन निर्णय अधिकारी अपर्णा थेटे की अध्यक्षता में विभिन्न पथ विक्रेता संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई थी।

बैठक में एनयूएलएम के परियोजना प्रबंधक सुरेंद्र पाटील ने चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया, मतदान व्यवस्था और महानगरपालिका द्वारा किए गए प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय समाचार माध्यमों, एफएम रेडियो, समाचार पत्रों, रिक्शा प्रचार तथा सामाजिक माध्यमों के जरिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

आधार और यूनिक आईडी अनिवार्य

महानगरपालिका द्वारा पथ विक्रेता समिति का चुनाव शहर के छह मतदान केंद्रों और 20 मतदान कक्षों में आयोजित किया जाएगा। मतदान केंद्रों में भडकल गेट, किराड पुरा, मुकुंदवाड़ी, प्रियदर्शनी विद्यालय, सिल्क मिल कॉलोनी स्थित मनपा विद्यालय सहित अन्य निर्धारित स्थान शामिल हैं।

इस चुनाव में 14,098 पंजीकृत पथ विक्रेता आठ निर्वाचित पदों के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मतदान पूरी तरह मतपत्र प्रणाली से कराया जाएगा।

निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक मतदाता को मतदान के समय आधार कार्ड के साथ सर्वेक्षण के दौरान जारी किया गया विशिष्ट पहचान संख्या (यूनिक आईडी) भी साथ लाना अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों के बिना किसी भी मतदाता को मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए सहयोग की अपील

बैठक के दौरान विभिन्न हॉकर्स संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि पथ विक्रेता समिति चुनाव को अधिक प्रभावी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित वार्डों के नगरसेवकों का भी सहयोग लिया जाए।

इस पर अधिकारियों ने सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। एनयूएलएम के परियोजना प्रबंधक सुरेंद्र पाटील ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को नामांकन पत्र दाखिल करते समय 2,000 रुपये की अनामत राशि जमा करनी होगी।

छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने सभी पथ विक्रेताओं, संगठनों और संबंधित पक्षों से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने तथा मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल बनाने की अपील की है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com