

Sambhajinagar Municipal Housing Scheme: छत्रपति संभाजीनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिक से अधिक नागरिकों को अपने सपनों का घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापालिका प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। इसी क्रम में महापालिका की ओर से घरकुल योजना विकास मेले का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही कला दालन, टाउन हॉल में पूर्णकालिक जानकारी केंद्र भी शुरू किया गया है।11 मई को महापालिका आयुक्त अमोल येडगे ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि महापालिका की ओर से 27 मार्च को लाभार्थियों के लिए लॉटरी निकाली गई थी। चयनित लाभार्थियों को 22 मई तक राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे। अब तक 130 नागरिकों ने राशि जमा कर दी है।
शेष लाभार्थियों को भी 22 मई तक 10 प्रतिशत राशि जमा कर सहयोग करने का आवाहन किया गया है। शहर के अन्य नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने के लिए महापालिका ने लॉटरी प्रक्रिया शुरू की है। अब तक 201 नागरिकों ने आवेदन किए हैं, जबकि 151 नागरिकों ने 5 हजार रुपये की राशि जमा की है। आवेदन की अंतिम तिथि 18 मई निर्धारित की गई है। महापालिका प्रशासन ने अधिक से अधिक नागरिकों से योजना का लाभउठाकर अपने अधिकार के घर का सपना साकार करने की अपील की है।
छत्रपति संभाजीनगर महापालिका की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना कुल पांच स्थानों पर लागू की जा रही है। हसूल परियोजना में अब तक 350 नागरिकों ने आवेदन किया है, जिनमें से 12 नागरिकों ने 10 प्रतिशत राशि जमा की है। पड़ेगांव परियोजना में 404 नागरिकों ने आवेदन दाखिल किए हैं।
इनमें से 17 नागरिकों ने 10 प्रतिशत राशि जमा की है। सुंदरवाडी 09 और 10 परियोजना के अंतर्गत 1695 आवेदनों में से 68 नागरिकों ने राशि जमा की है। तिसगांव 225-1 परियोजना में 605 आवेदन प्राप्त हुए है, जिनमें से 15 नागरिकों ने राशि जमा की है। वहीं तिसगांव 227-1 परियोजना में 584 नागरिकों ने आवेदन किए है तथा 18 नागरिकों ने 10 प्रतिशत राशि का भुगतान किया है।