मनपा चुनाव: ‘विकृत मानसिकता वालों को टिकट दे रही BJP’, संभाजीनगर में गरजे उद्धव, BJP पर साधा निशाना

Uddhav Thackeray Speech: संभाजीनगर में शिवगर्जना सभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा अब आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को टिकट देकर चुनाव जीत रही है।
Municipal elections: 'BJP is giving tickets to people with perverted mindsets,' Uddhav Thackeray thunders in Sambhajinagar, targets BJP.
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स : सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Chhatrapati Sambhajinagar Election: छत्रपति संभाजीनगर यूबीटी के प्रमुख व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास अब उम्मीदवार देने के लिए बेहतर लोग ही नहीं बचे हैं, इसलिए दूसरे दलों के लोगों को उठाकर लाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकृत मानसिकता वाले और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को भाजपा टिकट देकर चुनाव जीत रही है।

मनपा चुनाव को लेकर शनिवार शाम शहर के मराठवाड़ा सांस्कृतिक मैदान में शिवसेना (यूबीटी) की ओर से आयोजित शिवगर्जना जाहीर प्रचार सभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने शहर के विकास के मुद्दों पर जनता से यूबीटी को वोट करने की अपील की। इस अवसर पर पार्टी के वचननामे का भी प्रकाशन किया गया। ठाकरे ने कहा कि यह लड़ाई उनकी नहीं, बल्कि शहरवासियों के भविष्य और जीवन की लड़ाई है। उन्होंने कहा, "हम आपके लिए लड़ रहे हैं।

दानवे पर साधा निशाना

ठाकरे ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि हमने कभी तुम्हारी थाली में खाना नहीं खाया, लेकिन यह मत भूलो कि बाल ठाकरे की वजह से ही तुम्हें राजनीतिक जीवन मिला और तुम जिंदा हो। उन्होंने कहा कि कुछ नेता आज जिस भाषा और तेवर में बोल रहे हैं, वह बाल ठाकरे की विरासत और मर्यादा के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शिवसेना ने कभी सत्ता या स्वार्थ के लिए समझौता नहीं किया और न ही किसी के सामने झुक कर राजनीति की है। उद्धव का यह बयान सीधे तौर पर भाजपा और शिंदे गुट पर तीखा हमला माना जा रहा है।

महायुति सरकार भ्रष्ट

महायुति सरकार पर तीखा हमला करते ठाकरे ने कहा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार कहते हैं कि वह छत्रपति संभाजीनगर को नशामुक्त करेंगे, लेकिन सरकार को शराब के लाइसेंस देने में तो कोई दिक्कत नहीं होती, जबकि नागरिकों को पानी देने में असफलता दिखाई दे रही है।

शहर के नाम को लेकर बोलते हुए उद्धव ने कहा, "इस शहर का नाम बदलने का फैसला मैने नहीं, बल्कि शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने लिया था। फिर आप किस बात का श्रेय ले रहे हैं?" उन्होंने अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो अहमदाबाद का नाम बदलकर कर्णावती करके दिखाएं, उद्धव ने कहा, जो भाजपा कभी 'राष्ट्र प्रथम' की बात करती थी, वह अब खत्म हो चुकी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com