Heatwave Alert: छत्रपति संभाजीनगर में गर्मी का टॉर्चर: पारा 41.4°C के पार, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

Heatwave in Chhatrapati Sambhajinagar: छत्रपति संभाजीनगर में भीषण गर्मी ने दी दस्तक, चिकलथाना वेधशाला ने इस सीजन का उच्चतम तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया है। जानें आने कैसा रहेगा मौसम का हाल।
Heatwave Alert: Chhatrapati Sambhajinagar reels under heat; mercury soars to 41.4°C, Meteorological Department issues major warning
बढते तापमान की प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Weather Update: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। छत्रपति संभाजीनगर शहर में पिछले तीन दिनों से सूरज की तपिश लगातार बढ़ रही है। मंगलवार, 14 अप्रैल को चिकलथाना वेधशाला ने अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है।

इस सीजन में पहली बार पारा 40 के पार

अप्रैल महीने की शुरुआत से ही तापमान में उतार-चढ़ाव जारी था, लेकिन यह पहली बार है जब पारा सीधे 40 डिग्री की सीमा को पार कर 41 के ऊपर पहुंच गया है। चिकलथाना वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार, अचानक हुई इस वृद्धि ने नागरिकों को बेहाल कर दिया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि हवा में आर्द्रता (Humidity) घटकर मात्र 12 प्रतिशत रह गई है।

शुष्क हवाओं और 'लू' का असर

हवा में नमी की कमी के कारण शहर में बेहद शुष्क और गर्म हवाएं चल रही हैं। दोपहर के समय धूप इतनी तेज होती है कि सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू जैसा सन्नाटा पसर जाता है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे स्कार्फ, टोपी और चश्मों का सहारा लेकर खुद को झुलसाने वाली धूप से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान: 44 डिग्री तक जा सकता है पारा

मौसम विशेषज्ञों की मानें तो राहत की कोई तत्काल उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाला पूरा सप्ताह शहरवासियों के लिए भारी रहने वाला है।पूर्वानुमान यह है की अगले कुछ दिनों में तापमान 41°C से 44°C के बीच रहने की संभावना है। गर्म और शुष्क हवाओं के कारण 'लू' (Heatwave) लगने का खतरा बढ़ गया है।

विशेषज्ञों की सलाह

भीषण गर्मी को देखते हुए डॉक्टरों ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, नींबू पानी और ओआरएस (ORS) का सेवन करें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को ढक कर रखें ताकि डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचा जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com