

Chhatrapati Sambhajinagar Encroachment News: शहर के सबसे व्यस्त शहानुरमिया दरगाह चौक को आखिरकार अतिक्रमण से मुक्त करने में गुरुवार को मनपा प्रशासन कामयाब हुआ।
करीब 15 वर्षों से फैली अवैध चौपाटी, सड़क किनारे की दुकानें और कब्जों पर गुरुवार को मनपा ने कड़ा एक्शन लेते हुए बुलडोजर चलाया। पूरी कार्रवाई के बाद चौक खुला और सुगम दिखाई दिया, जिससे यातायात को बड़ी राहत मिली। यह चौक लंबे समय से अवैध चौपाटी और अस्थायी दुकानों के कारण जाम की समस्या से जूझ रहा था।
टीन शेड के नीचे चल रहे फूड स्टॉल, फल विक्रेता और छोटे दुकानदारों ने सड़क की चौड़ाई कम कर दी थी। इसके चलते रोजाना वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। मनपा प्रशासन ने पहले ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। कुछ लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाया, लेकिन अधिकांश ने अनदेखी की।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद कार्रवाई बिना किसी रुकावट के पूरी हुई। अतिक्रमण हटते ही चौक के दोनों ओर सड़क पूरी तरह खुल गई।
अब यहां ट्रैफिक सुचारू रूप से चल रहा है और जाम की समस्या में बड़ी कमी आने की उम्मीद है। मनपा ने केवल चौक ही नहीं, बल्कि शहानुरमिया दरगाह से आनंद गाडे चौक तक फैले छोटे-बड़े अतिक्रमण भी हटाए। इससे पूरा मार्ग यातायात के लिए खुला हो गया है।
पूरी कार्रवाई अधिकारियों की निगरानी में योजनाबद्ध तरीके से की गई। हर चरण पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ। मनपा के अतिक्रमण विभाग प्रमुख संतोष वाहुले ने चेताते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।