'मुझे बचा लो...' खिड़की से आती रही चीखें, पर आग की लपटों ने छीन ली महिला की जिंदगी; संभाजीनगर में कोहराम

Sambhajinagar Cylinder Blast: छत्रपति संभाजीनगर के पुंडलिक नगर में भीषण गैस सिलेंडर विस्फोट से तीन मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 लोगों को बचाया गया।
chhatrapati sambhajinagar cylinder blast woman died pundlik nagar
सिलेंडर ब्लास्ट का घटनास्थल (सोर्स: फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Sambhajinagar Cylinder Blast Woman Died: छत्रपति संभाजीनगर शहर के पुंडलिक नगर और गजानन नगर की सीमा पर स्थित एक तीन मंजिला मकान में शनिवार तड़के हुए भीषण गैस सिलेंडर विस्फोट में 55 वर्षीय सुनंदा मोरे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने का प्रयास कर रहे उनके पुत्र प्रवीण मोरे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की दो कंक्रीट छतों में बड़े छेद हो गए और सीढ़ियों का हिस्सा भी ढह गया। अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से परिवार के नौ सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आग बुझाने का प्रयास पड़ा भारी

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे मकान में आग लग गई। शुरुआत में परिजनों ने इसे मामूली आग समझकर बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैलने लगीं। इसके बाद परिवार के लोगों को जगाकर बाहर निकालने की कोशिश शुरू हुई। मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर विजय मोरे, राजेंद्र मोरे, आशा मोरे, संकेत, ऋषि और प्रवीण मोरे को बाहर निकाला गया। वहीं बुजुर्ग शंकुतला मोरे और लक्ष्मण मोरे को सीढ़ी लगाकर सुरक्षित बाहर लाया गया।

खिड़की से लगाती रहीं बचाने की गुहार

भूतल पर पानी बिक्री की दुकान और ऊपरी मंजिल पर परिवार का निवास था। आग के बीच सुनंदा मोरे खिड़की से लगातार मदद की गुहार लगाती रहीं। नीचे मौजूद लोग उन्हें बचाने के उपाय तलाशते रहे, लेकिन तभी सिलेंडर में विस्फोट हो गया और उसके बाद रेफ्रिजरेटर भी फट गया। इससे सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके पास पहुंचना संभव नहीं हो सका। दम घुटने और मलबा गिरने से सुनंदा मोरे की मौत हुई है।

अग्निशमन दल पहुंचा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संभाली कमान

सूचना मिलते ही सिडको और पदमपुरा अग्निशमन केंद्रों की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। नगरसेवक अशोक दामले और उपमहापौर राजेंद्र जंजाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद दमकल वाहन पहुंचा। धुएं के कारण अंदर प्रवेश करना मुश्किल था। ऐसे में अग्नि सुरक्षा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त उपमहापौर राजेंद्र जंजाल स्वयं पाइप लेकर भीतर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे। जिससे जल्दी आग पर काबू पाना संभव हो सका।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com