

Chhatrapati Sambhajinagar News In Hindi: रोशनी के पर्व पर शहरवासियों को जल संकट से दो-चार होना पड़ रहा है। दोरकीन क्षेत्र में रविवार को तड़के 900 मिमी व्यास की मुख्य जलवाहिनी फूट जाने से शहर के अधिकांश इलाकों की जलापूर्ति चरमरा गई।
फारोला के पास स्टील कंपनी के सामने फूटी 700 मिमी व्यास जलवाहिनी की मरम्मत मनपा के करवाने के बाद रविवार की सुबह वहां से जलापूर्ति बहाल की गई। फारोला के निकट शनिवार तड़के 700 मिमी व्यास की जलवाहिनी फूटने से जलापूर्ति बंद की गई थी।
कार्यकारी अभियंता किरण धांडे, उपअभियंता एमएम बाविस्कर, कनिष्ठ अभियंता आशीष वाणी व सुभाष लहाड़े के मार्गदर्शन में मनपा की टीमों ने रविवार तड़के मरम्मत कार्य पूर्ण किया। तब जाकर सुबह 700 मिमी की जलवाहिनी से जलापूर्ति की जा सकी।
यह लाइन शुरू नहीं हुई कि ढोरकीन पंप हाउस के निकट 900 मिमी व्यास की मुख्य जलवाहिनी फूटने से जलापूर्ति बेपटरी हो गई। पानी बहता देखकर सूचित करने के बावजूद दोपहर तक मरम्मत शुरू नहीं किया गया। नतीजतन, लाइन - की जलापूर्ति पूरी तरह बंद कर 700 मिमी उपवाहिनी के जरिए वैकल्पिक जलापूर्ति करने की कोशिश की गई।
700 मिमी पाइपलाइन के जरिए कई इलाकों में कम दबाव से जलापूर्ति की गई। बावजूद इसके सिडको, गारखेड़ा, बेगमपुरा, शाहगंज, जुना मोंढा, हुडको, जलगाव रोड आदि इलाकों में रविवार सुबह से पानी नहीं आया, कार्यकारी अभियंता धाडे ने कहा कि, सभी जल कुंभों पर दस्तों की तैनाती की गई है। दो दस्ते गश्त लगाएंगे, अभ्यंगस्नान के दिन जलापूर्ति के सभी उपाय किए गए हैं।