BPCL का बड़ा दावा, संभाजीनगर में गैस संकट पर राहत, 2 माह में हर उद्योग को PNG

Sambhajinagar Gas Crisis: संभाजीनगर में गैस संकट के बीच BPCL ने 2 माह में सभी उद्योगों को PNG देने का दावा किया। वालुज में 25 उद्योगों को आपूर्ति शुरू, नेटवर्क विस्तार जारी।
BPCL Makes Major Claim: Relief from Gas Crisis in Sambhajinagar; PNG for Every Industry Within Two Months.
गैस संकट( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Sambhajinagar Industrial Gas Pipeline: छत्रपति संभाजीनगर औद्योगिक क्षेत्र को गैस संकट से राहत देने के लिए भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने बड़ा दावा किया है। कंपनी के अनुसार, अगले दो महीनों में मांग करने वाले हर उद्योग को पाइप के माध्यम से गैस (पीएनजी) उपलब्ध कराने की क्षमता विकसित की जाएगी।

फिलहाल वालूज औद्योगिक क्षेत्र में करीब 25 उद्योगों को पाइप नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति शुरू कर दी गई है, जिससे उद्योगों को आंशिक राहत मिली है। अमेरिका, इजरायल और ईरान सहित अन्य देशों के बीच चल रहे युद्ध के असर से खाड़ी देशों से पेट्रोलियम पदार्थों की आयात व्यवस्था प्रभावित हुई है।

इसका सीधा असर एमआईडीसी के उद्योगों पर पड़ा, जिससे 400 से अधिक उद्योगों के बंद होने और करीब दो लाख रोजगार प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी।

बीपीसीएल के प्रतिनिधि मनोज जाधव ने बताया कि वालुज और शेंद्रा एमआईडीसी क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क पहले से मौजूद है। जैसे ही नए मीटर उपलब्ध होंगे, गैस आपूर्ति की गति तेज कर दी जाएगी और अधिक उद्योगों को जोड़ा जाएगा।

रोजाना 72 टन गैस की पड़ेगी जरूरत

औद्योगिक क्षेत्र में गैस की भारी मांग बनी हुई है। करीब 300 से 400 उद्योगों के बॉयलर गैस पर निर्भर हैं और उन्हें प्रतिदिन लगभग 72 मीट्रिक टन गैस की आवश्यकता होती है।

5 मार्च से व्यावसायिक गैस आपूर्ति बंद होने के कारण उद्योगों के साथ-साथ होटल व्यवसाय भी प्रभावित हुआ है। अस्पतालों और कुछ आवश्यक संस्थानों को सिलेंडर के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। गैस आपूर्ति बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत अतिरिक्त व्यावसायिक गैस देने का निर्णय लिया गया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com