अपने पूर्व सहयोगियों को अशोक चव्हाण की नसीहत, चुनावों में खराब प्रदर्शन पर आत्मचिंतन करे कांग्रेस
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान हुए थे। 23 नवंबर को आए चुनाव नतीजों में महाविकास आघाड़ी में शामिल शिवसेना (UBT) ने 20 सीट, कांग्रेस ने 16 और शरद पवार की राकांपा (SP) ने मात्र 10 सीटें जीती।
- Written By: रीना पंवार
Updated On:
Nov 29, 2024 | 08:32 PM
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र में अगले सीएम के निर्णय को लेकर जारी तनातनी और चुनाव में हार का मुंह देखने वाले महाविकास आघाड़ी के दलों में शामिल कांग्रेस व अन्य द्वारा EVM पर सवाल उठाए जाने के बीच बीजेपी के राज्यसभा सदस्य अशोक चव्हाण ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस को सलाह देते हुए कहा कि पार्टी को हाल के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपने खराब प्रदर्शन के बारे में आत्मचिंतन करना चाहिए।
बता दें कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके चव्हाण इस साल की शुरूआत में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण ने नांदेड़ जिले की भोकर सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं राज्य का मुख्यमंत्री था, तो पार्टी ने 2009 के चुनाव में 82 सीट जीती थीं। मेरे बाद, पृथ्वीराज चव्हाण (2010 से 2014 तक मुख्यमंत्री) इसे घटाकर 44 पर ले आए और नाना पटोले (फरवरी 2021 से प्रदेश इकाई प्रमुख) अब इसे घटाकर 16 (2024 के विधानसभा चुनावों में) कर चुके हैं। आंकड़े हमारे सामने हैं।”
कांग्रेस को आत्मचिंतन की दी सलाह
उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति में जीत हासिल करना एक प्रक्रिया है, इसलिए कांग्रेस को आत्मचिंतन करना चाहिए।” अशोक चव्हाण ने कहा कि वह अपनी पूर्व पार्टी को सलाह नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने का परोक्ष रूप से संदर्भ देते हुए कहा, ‘‘मैं 14 साल तक वनवास में रहा लेकिन…मेरी भी भावनाएं हैं।” गौरतलब है कि पृथ्वीराज चव्हाण को मुख्यमंत्री बनाए जाने से पहले अशोक चव्हाण दिसंबर 2008 से नवंबर 2010 के बीच मुख्यमंत्री थे। अशोक चव्हाण 2015 से 2019 के बीच महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रहे। वह इस साल फरवरी में वे भाजपा में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस ने जीती मात्र 16 सीटें
बता दें कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान हुए थे। 23 नवंबर को आए चुनाव नतीजों में भाजपा ने सबसे ज्यादा 132 सीट, शिवसेना ने 57 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 41 सीट जीतीं। वहीं महाविकास आघाड़ी में शामिल शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने 20 सीट, कांग्रेस ने 16 और शरद पवार की राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 10 सीट पर जीत दर्ज की।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
Ashok chavan advice to his former colleagues on poor performance in elections
Get Latest Hindi News , Maharashtra News , Entertainment News , Election News , Business News , Tech , Auto , Career and Religion News only on Navbharatlive.com
Published On:
Nov 29, 2024 | 08:32 PM
