बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, लुधियाना से सुजीत कुमार को किया गया अरेस्ट

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी अजित पवार गुट के प्रमुख नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में लुधियाना का कनेक्शन सामने आया है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, लुधियाना से सुजीत कुमार अरेस्ट
प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on
Updated on

मुंबई : महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी अजित पवार गुट के प्रमुख नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में लुधियाना का कनेक्शन सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने लुधियाना काउंटर इंटेलिजेंस के इनपुट्स के आधार पर सीआईए-2 की टीम के साथ मिलकर आरोपी सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया। सुजीत कुमार मुंबई के गाटकोपर के कामराज नगर इलाके का निवासी है और वह मुंडियां के राम नगर इलाके में अपने ससुराल आया था।

एडीसीपी क्राइम अमनदीप सिंह बराड़ ने जानकारी दी कि मुंबई क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर श्याम नायर और इंस्पेक्टर अरुण थोरा ने लुधियाना काउंटर इंटेलीजेंस के इंस्पेक्टर कैलाश और इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह के साथ मिलकर सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया। उन्हें इनपुट्स मिले थे कि सुजीत इस मामले में पुलिस द्वारा वांछित है और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में उसकी संलिप्तता है।

आरोपी के बारे में जानकारी मिली थी कि वह मुंडियां के राम नगर इलाके में अपने ससुराल आया था। इसके बाद पुलिस ने सुजीत की पूरी जानकारी जुटाई और योजना बनाकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम के हवाले कर दिया गया है, और इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी गई है।

गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या 12 अक्टूबर को उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के बांद्रा स्थित कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों द्वारा गोली मारकर की गई थी। इस मामले में पुलिस अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

इसके अलावा, शुक्रवार, 25 अक्टूबर को मुंबई की एक अदालत ने बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में 9 आरोपियों की पुलिस रिमांड को 26 अक्टूबर तक बढ़ा दिया। इन आरोपियों को उनकी प्रारंभिक रिमांड खत्म होने पर अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट वीआर पाटिल के समक्ष पेश किया गया।

Navbharat Live
navbharatlive.com