

Amravati Politics News: अमरावती परतवाड़ा में प्रस्तावित भाजपा के मंत्री नितेश राणे की जनसभा को पुलिस प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है, जिससे जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन के इस फैसले के बाद जहां एक ओर कानूनव्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक टकराव की स्थिति भी बनती नजर आ रही है।
नहीं मिली अनुमतिनितेश राणे की यह सभा बुधवार की शाम 5 बजे परतवाडा के जयस्तंभ चौक परिसर में ली जा रही है। पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने के कारणों का आधिकारिक तौर पर विस्तृत खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार सुरक्षा और कानूनव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इस बीच, सभा को लेकर समर्थकों में असंतोष बढ़ता दिखाई दे रहा है। इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक प्रवीण तायडे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभा किसी भी कीमत पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जनभावनाओं से जुड़ा कार्यक्रम है, इसे रोका नहीं जा सकता।
चाहे अनुमति मिले या न मिले, सभा हर हाल में होगी। विधायक के इस बयान के बाद प्रशासन और आयोजकों के बीच टकराव की आशंका और गहरा गई है। यदि बिना अनुमति सभा आयोजित की जाती है, तो कानूनव्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। परतवाड़ा में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और सभी की नजरें अब प्रशासन के अगले कदम और संभावित घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।