नवनीत राणा को 8 दिन में दूसरी बार मिली जान से मारने की धमकी, हैदराबाद से आया डरावना खत

Navneet Rana News: भाजपा स्टार प्रचारक नवनीत राणा को हैदराबाद के जावेद नामक शख्स से फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पीए मंगेश कोकाटे ने राजापेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Navneet Kaur Rana
नवनीता राणा (सोर्स: IANS)
Published on
Updated on

Navneet Rana Bomb Threat: भारतीय जनता पार्टी की नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें यह धमकी हैदराबाद के जावेद नाम के एक व्यक्ति ने दी है। इस मामले में भाजपा नेता के निजी सहायक (PA) मंगेश कोकाटे ने रविवार को राजापेठ पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

पीए मंगेश कोकाटे ने बताया कि यह धमकी नवनीत राणा को 8 दिनों में दूसरी बार मिली है। धमकी भरे पत्र के जरिए नवनीत राणा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। कोकाटे ने आईएएनएस को बताया कि उन्हें यह धमकी भरा लेटर तीसरी बार आया है, क्योंकि कुछ साल पहले भी इस तरह का पत्र प्राप्त हुआ था।

हैदराबाद के युवक ने दी धमकी

कोकाटे ने खुलासा किया कि धमकी देने वाला युवक हैदराबाद का है, और वह हर बार अपना नाम कभी जावेद तो कभी इकबाल बताता है। वह हर बार पत्र के जरिए नवनीत राणा को बम से उड़ाने की धमकी देता है। मंगेश कोकाटे ने बताया कि पहले मिली धमकी के बाद भी क्राइम ब्रांच की टीम ने हैदराबाद जाकर कार्रवाई की थी।

8 दिन दूसरी बार मिला खत

पीए कोकाटे ने 8 दिन पहले प्राप्त हुए धमकी भरे पत्र के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उस पत्र में लिखा था कि तुम्हारी पुलिस मेरा क्या बिगाड़ पाई है? पिछले कुछ महीनों से मैं तुम्हारे पीछे हूं और आने वाले कुछ दिनों में मैं तुम्हें बम से उड़ाने वाला हूं। उन्होंने यह भी बताया कि पत्र में बहुत गंदी-गंदी बातें लिखी गई हैं, जिन्हें वह सार्वजनिक रूप से बता नहीं सकते हैं।

नवनीत राणा के निजी सहायक मंगेश कोकाटे ने धमकी भरे पत्र की शिकायत अमरावती के राजापेठ पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पुलिस के अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया है और उन्होंने इस मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। शिकायत दर्ज होने के बाद, पुलिस ने नवनीत राणा के आवास पर जाकर उक्त पत्र की जांच की है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com