महाराष्ट्र-एमपी प्रशासन की संयुक्त बैठक, कानून-व्यवस्था पर चर्चा

MP-Maharashtra Police Meeting
Published on
Updated on

अमरावती. लोकसभा चुनाव के दौरान राज्य सीमा क्षेत्र से अवैध यात्री परिवहन,  हथियारों की तस्करी और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर दोनों राज्यों के समन्वय से विभाग तैयार रखने का निर्णय अमरावती और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिला प्रशासनों की एक संयुक्त बैठक में लिया गया. 

सीमा से सटे है मप्र के 4 जिले

मध्यप्रदेश के बर्हाणपुर, छिंदवाडा, बैतुल व खंडवा यह चार जिले अमरावती जिले की सीमा से सटे हैं. आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिले के अधिकारियों की अमरावती जिला प्रशासनसह कानून व सुव्यवस्था को लेकर बैठक जिलाधिकारी कार्यालय के राजस्व भवन में हुई. इस समय विशेष पुलिस महानिरिक्षक रामनाथ पोकले, नर्मदापुरम के पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वाली, जिलाधिकारी सौरभ कटियार, जिलाधिकारी नरेंद्रकुमार सूर्यवंशी, पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, पुलीस अधीक्षक विशाल आनंद,  बैतुल के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिलाधिकारी सुरज वाघमारे, उप जिला चुनाव अधिकारी शिवाजी शिंदे समेत विविध विभाग के विभाग प्रमुख उपस्थित थे.

सीमा पर लगेंगे चेकपोस्ट

प्रशासन की संयुक्त बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर राज्य की सीमा से मवेशी तस्करी, हथियार, शराब, सागौन और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई. लोकसभा चुनाव को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए दोनों राज्यों के प्रशासन ने सीमावर्ती इलाकों में अवैध परिवहन और तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई पर सहमति जताई है. इसके लिए जिले की सीमा पर चेकपोस्ट व सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए दोनों राज्यों के पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. 

हथियार व मादक पदार्थों की तस्करी की संभावना

मेलघाट में वन क्षेत्र से सटे इलाके से अवैध हथियार और मादक पदार्थों के परिवहन की संभावना है. ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए उत्पाद शुल्क एवं वन विभाग को समन्वय स्थापित कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं.  समय-समय पर आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान पर सहमत हुए.  जिला कलक्टर सौरभ कटियार ने संबंधितों से उपविभागीय अधिकारियों, परिवहन अधिकारियों, पुलिस, आबकारी अधिकारियों की अलग-अलग बैठक आयोजित कर समन्वय बनाये रखने की अपील की है.

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com