BJP छोड़ी...अब शिंदे का थामेंगे हाथ, पूर्व मंत्री गुप्ता शिवसेना में होंगे शामिल

महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव से पहले अब भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर चुका बड़ा चेहरा आज शिवसेना गुट में शामिल होने जा रहा है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहेंगे।
महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव से पहले अब भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर चुका बड़ा चेहरा आज शिवसेना गुट में शामिल होने जा रहा है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहेंगे।
देवेंद्र फडणवीस-जगदीश गुप्ता-एकनाथ शिंदे (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

अमरावती: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने के लिए कई नेता राजनीतिक पार्टियों से जुड़ने की कवायद में लगे हुए है। इसी क्रम में अब अमरावती का एक बड़ा चेहरा भी शामिल है। अमरावती से पूर्व मंत्री जगदीश गुप्ता आज शिंदे गुट में शामिल होने जा रहा है। पूर्व मंत्री जगदीश गुप्ता सोमवार, 7 जुलाई को शिवसेना शिंदे गुट में प्रवेश करने जा रहे हैं।

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में वे विधिवत प्रवेश करेंगे। जगदीश गुप्ता के प्रवेश को लेकर पिछले कुछ महीनों से चल रही अटकलों पर अब विराम लग जाएगा। उनके साथ कुछ समर्थक भी प्रवेश के लिए मुंबई रवाना हुए हैं।

भाजपा से नहीं मिली थी टिकट

गत महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी से टिकट की मांग की थी, लेकिन महायुति के तहत यह सीट अजित पवार गुट की विधायक सुलभा खोड़के को दी गई थी। इसके बाद जगदीश गुप्ता ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी और विधानसभा में गुप्ता ने निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ा था। इसी तरह मनपा के पूर्व गट नेता तुषार भारतीय ने भी बडनेरा विधानसभा क्षेत्र से महायुति के उम्मीदवार विधायक रवि राणा के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में जगदीश गुप्ता और तुषार भारतीय दोनों को पराजय का सामना करना पड़ा, जबकि गठबंधन प्रत्याशी विजयी रहे।

22 वर्षों तक विधायक रहे

संभवतः इन सभी निष्कासित नेताओं को आगामी मनपा चुनाव से पहले फिर से पक्ष में शामिल करने को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। लेकिन पार्टी नेतृत्व द्वारा इस पर सक्रिय पहल न किए जाने के कारण अब जगदीश गुप्ता ने शिंदे गुट में प्रवेश का निर्णय लिया है। वे आगामी सभी स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी के तहत शिंदे गुट से जुड़ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने गुप्ता को दो बार विधानसभा तथा दो बार विधान परिषद का टिकट दिया था। इस तरह वे कुल 22 वर्षों तक विधायक रहे। इस दौरान उन्हें मंत्री और जिले के पालक मंत्री का पद भी मिला था।

स्थानीय निकाय चुनाव के लिए सभी बगावती नेता एक बार फिर किसी-न-किसी पार्टी से जुड़ने की आस में है। विधानसभा चुनाव के समय भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर चुके नेता अब शिंदे गुट के जरिए वापस अमरावती में अपनी पैंठ बनाने की कोशिश करेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com