अमरावती में ऑनलाइन कार इंश्योरेंस सर्च करते ही फोन हुआ हैंग, साइबर ठगों ने बैंक खाते से उड़ाए 98 हजार रुपये

Amravati Cyber Crime: अमरावती में ऑनलाइन कार इंश्योरेंस सर्च करना एक व्यक्ति को भारी पड़ा। साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैंग कर बैंक खाते से 98 हजार रुपये साफ कर दिए।
A man in Amravati lost 98,000 after his phone was hacked while searching for online car insurance. Mahuli Jahangir police have registered a case.
फोन हैंग साइबर ठग (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Amravati Car Insurance Fraud PhonePe Scam: अमरावती में ऑनलाइन कार इंश्योरेंस सर्च करना एक व्यक्ति को बेहद महंगा पड़ गया। साइबर अपराधियों ने तकनीकी सूझबूझ का फायदा उठाकर बैंक खाते से 98 हजार रुपए साफ किए। यह घटना माहुली जहांगीर थाना क्षेत्र में घटित हुई।

अज्ञात व्यक्ति ने किया फोन

पुलिस सूत्रों के अनुसार रहाटगांव की शिवम कॉलोनी (भुते लेआउट) निवासी रविकान्त नानासाहेव यावले (53) अपने मोबाइल पर फोनपे एप्लीकेशन के जरिए अपनी चार पहिया गाड़ी के इंश्योरेंस के संबंध में सर्च कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।

फोन करने वाले अज्ञात शख्स ने रविकान्त से कहा कि वे गाड़ी का बीमा फोनपे के माध्यम से ही ऑनलाइन निकाल लें। इस पर रविकान्त ने समझदारी दिखाते हुए कहा कि, मुझे ऑनलाइन बीमा नहीं निकालना है। अगर आपका कोई प्रतिनिधि (एजेंट) हो तो उसे मेरे पास भेज दें, मैं उससे विस्तार से बात करके ही बीमा करवाऊंगा। इतना कहकर उन्होंने फोन काट दिया।

फोन हैंग हुआ और खाते से उड़ गए पैसे

जैसे ही रविकान्त ने फोन काटा, उनके मोबाइल से अपने आप ऑनलाइन ट्रांजेक्शन शुरू हो गया और उनका फोन पूरी तरह हैंग हो गया। जब मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया, तो उन्होंने फोन को रीस्टार्ट/फॉर्मेट कर बैंक खाता चेक किया। खाता चेक करते ही उनके होश उड़ गए;

उनके बैंक अकाउंट से 98 हजार रुपए किसी दूसरे अज्ञात खाते में ट्रांसफर हो चुके थे। ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने का अहसास होते ही रविकान्त यावले ने माहुली जहांगीर थाने में लिखित शिकायत दी। अमरावती पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com