Amravati Crime News: अमरावती जिले के चांदूर बाजार तहसील के कारंजा बहिरम गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद साले ने अपने जीजा पर दरांती से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, अभिजीत प्रमोद गिरी 40, निवासी बाभली दर्यापुर, अपनी पत्नी के साथ ससुराल कारंजा बहिरम आए थे। दोपहर के समय उनका साला दिनेश अशोक मोहोड 30 नशे की हालत में अपनी मां से विवाद कर रहा था और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। इस पर अभिजीत की पत्नी ने उसे समझाने की कोशिश की, जिससे नाराज होकर आरोपी ने अपनी बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शराब के नशे में था आरोपी स्थिति बिगड़ती देख अभिजीत गिरी बीचबचाव के लिए आगे आए, लेकिन इससे आरोपी और उग्र हो गया। उसने पहले जीजा के साथ मारपीट की और घर से बाहर निकलने को कहा। जब अभिजीत और उनकी पत्नी बाहर जा रहे थे, तभी आरोपी ने पीछे से दरांती से उनके सिर और आंख के पास वार कर दिया।
हमले में अभिजीत गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही शिरजगांव कस्बा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी दिनेश मोहोड के खिलाफ मारपीट और घातक हथियार से हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और नशे की हालत में हुई कहासुनी मुख्य कारण है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।