अमरावती एसटी बस में महिला के बैग से 5. 60 लाख के सोने के गहने चोरी

Amravati Bus Theft Case News: अकोला से अमरावती आ रही एक महिला के हैंडबैग से एसटी बस यात्रा के दौरान 5.60 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी हो गए। महिला अपने बेटे की शादी के लिए गहने बेचने अमरावती आई थी।
amravati st bus gold jewellery theft woman bag
Amravati bus theft (सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amravati Crime News: अकोला से अमरावती के बीच एसटी बस में सफर कर रही एक महिला के हैंडबैग से अज्ञात चोर ने करीब 5 लाख 60 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ किया। यह घटना 22 मई को घटित हुई। इस मामले में राजापेठ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया।बेटे की शादी के लिए गहने बेचने जा रही थी महिलामिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता महिला अकोला के मलकापुर रोड स्थित कोठारी वाटिका की निवासी है।

महिला के बेटे की शादी तय हुई थी, जिसके लिए उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी। घर में रखे पुराने सोने के गहनों को बेचने के लिए उन्होंने अमरावती में रहने वाले अपने दामाद की मदद लेने का फैसला किया। 22 मई को सुबह महिला अकोला बस डिपो से अमरावती के लिए बस में सवार हुई। उन्होंने अपने सोने के सारे जेवर एक छोटी पर्स में रखकर उसे अपने हैंडबैग के अंदर चेन बंद करके सुरक्षित रख लिया था। बस के सफर के दौरान महिला की बगल वाली सीट पर एक अज्ञात व्यक्ति आकर बैठा था।

रिश्तेदार के घर पहुंचने पर खुला राज

दोपहर 12 बजे के दौरान महिला अमरावती के नवाथे स्टॉप पर बस से उतरीं। वहां से वे सीधे एकविरा नगर स्थित अपने रिश्तेदार विलास शंकरराव अनासाने के घर गईं। कुछ देर वहां रुकने के बाद जब वे गहने बेचने के लिए बाजार जाने लगीं, तो उन्होंने अपना हैंडबैग चेक किया। हैंडबैग खोलते ही महिला के होश उड़ गए, क्योंकि उसके अंदर रखी छोटी पर्स और जेवर गायब थे। इसके बाद महिला ने अपने रिश्तेदार विलास अनासाने के साथ मिलकर नवाथे स्टॉप और वापस अकोला जाकर घर पर सब जगह तलाश की, लेकिन जेवरों का कहीं पता नहीं चला।

अकोला से अमरावती बस यात्रा के दौरान लाखों के जेवर पार

महिला को पूरा विश्वास हो गया कि अकोला से अमरावती के बीच बस में सफर के दौरान ही उनकी बगल की सीट पर बैठे अज्ञात शख्स या किसी अन्य चोर ने उनके हैंडबैग से जेवर चुराए हैं।चोरी गए आभूषणों में सोने का मंगलसूत्र 38 ग्राम कीमत 2 लाख 66 हजार रुपए, दूसरा मंगलसूत्र 14 ग्राम कीमत 98 हजार रुपए, सोने की चेन 21 ग्राम कीमत 1 लाख 47 हजार रुपए, अंगूठी 3.5 ग्राम कीमत 24 हजार 500 रूपए व झूमके 3.5 ग्राम कीमत 24 हजार 500 रूपए ऐसा कुल 5 लाख 60 हजार रुपए का माल चोरी किया। महिला की शिकायत पर राजापेठ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com