Amravati News: पत्नी की मौत के बाद खोया 25 लाख का सोना, राजापेठ पुलिस ने 40 CCTV खंगालकर लौटाया

Lost Gold Recovered: अमरावती की राजापेठ पुलिस ने हैदराबाद-आदिलाबाद रूट पर 40 सीसीटीवी खंगालकर 25 लाख रुपये का खोया सोना बरामद कर दुखी बुजुर्ग को वापस लौटाया।
amravati rajapeth police recovered lost gold 25 lakh cctv
Rajapeth Police (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rajapeth Police Action: राजापेठ पुलिस ने अपनी पत्नी की मौत के गम में डूबे व्यक्ति को खोया हुआ 25 लाख का सोना वापिस कर खाकी की इंसानियत का अनूठा उदाहरण पेश किया है। पुलिस ने रात-दिन एक कर अमरावती- हैदराबाद मार्ग के 40 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर 25 लाख रुपये कीमत का खोया हुआ सोना ढूंढ निकाला और बुजूर्ग को लौटाया।

साईनगर के रहने वाले गजानन अंबर वर्धे (52) की पत्नी संगीता वर्धे पेट की बीमारी से पीड़ित थीं। उनका इलाज हैदराबाद एआईजी हॉस्पिटल में चल रहा था। 29 जून को अचानक संगीता की तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई। गजानन वर्धे अपनी पत्नी और बेटी के साथ कार से तत्काल हैदराबाद के लिए रवाना हुए। इलाज में भारी खर्च होने की संभावना को देखते हुए, उन्होंने अपनी पत्नी के गहने 140 से 150 ग्राम कीमत 25 लाख रुपये कॉलेज बैग में रखकर गाड़ी में रख लिए थे।

रास्ते में ही टूट गया दुखों का पहाड़

30 जून को हैदराबाद के एआईजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि संगीता की हालत बेहद नाजुक है और उन्हें वापस ले जाने की सलाह दी। गजानन वर्धे अपनी पत्नी को एम्बुलेंस में लेकर अमरावती के लिए निकले। लेकिन रास्ते में पत्नी की पल्स कम होने लगी। आनन-फानन में उन्हें आदिलाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गमगीन पति अपनी पत्नी का शव लेकर अमरावती पहुंचे और उनका अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार के बाद जब उन्होंने गाड़ी में रखा लाल बैग चेक किया, तो वह गायब था। उन्हें लगा कि दुख की इस घड़ी में किसी ने उनका 25 लाख का सोना चोरी किया। इसके बाद उन्होंने 1 जुलाई को राजापेठ थाने में शिकायत दी।

40 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले

मामले की गंभीरता और पीड़ित परिवार के दुख को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण ने तुरंत पुलिस आयुक्त राकेश ओला को मामले की जानकारी दी। पुलिस आयुक्त के आदेश पर तत्काल डीबी टीम को एक्टिव किया गया।

पुलिसकर्मी अंकुश काले और नरेश बावने को शिकायतकर्ता के साथ तुरंत हैदराबाद और आदिलाबाद के रूट पर रवाना किया। पुलिस टीम ने अमरावती से लेकर हैदराबाद तक के रास्ते को खंगाला। टीम ने हैदराबाद का एआईजी हॉस्पिटल, आदिलाबाद का सरकारी अस्पताल, रास्ते में पड़ने वाले होटल्स और चौक-चौराहों के 30 से 40 सीसीटीवी कैमरे दिन-रात जागकर चेक किए।

'जनता रेस्टोरेंट' के पास मिला खोया बैग

आखिरकार पुलिस की कड़ी मेहनत रंग लाई। हैदराबाद-आदिलाबाद रोड पर स्थित 'जनता रेस्टोरेंट' के पास से पुलिस को फरियादी का वह लाल रंग का बैग मिल गया। बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिसमें 140 से 150 ग्राम सोने के आभूषण कीमत 25 लाख रुपये और इलाज से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित थे। राजापेठ पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पूरा माल गजानन वर्धे को सौंप दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com