अमरावती: रेलवे स्टेशन के पास कचरे के ढेर में लगी भीषण आग, बिजली की DP जलकर खाक, बाल-बाल बचीं दर्जनों कारें

अमरावती में कचरे के ढेर से लगी आग ने कई कारों को नुकसान पहुंचाया। प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
amrawati-277
Updated on

Amravati Railway Station News: अमरावती स्थानीय रेलवे स्टेशन से डिपो रोड पर उस्मानिया कम्पाउंड के करीब बुधवार को कचरे के ढेर में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया।

आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पास की बिजली की डीपी जलकर पूरी तरह खाक हो गई। वहीं आग की चपेट में आने से यहां पार्किग की गई कई कारों को भी नुकसान पहुंचा। अगर किसी एक कार को यह आग अपनी चपेट में पूरी तरह ले लेती तो शहर में बडा हादसा होने से टाला नहीं जा सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कचरे के ढेर से उठी चिंगारी ने महज कुछ ही मिनटों में भयंकर आग का रूप ले लिया। आग इतनी तेज थी कि काले धुएं के गुबार से पूरा आसमान ढंक गया। जैसे ही आग बिजली की डीपी तक पहुंची, शॉर्ट सर्किट और धमाके की आशंका के चलते तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।

घटनास्थल रेलवे स्टेशन के पास व्यस्त क्षेत्र होने के कारण नागरिकों में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को चारों ओर से घेरकर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास की गाड़ियों और रिहायशी इमारतों को नुकसान होने से बचा लिया गया।

घटना के बाद प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से स्टेशन परिसर के आसपास कचरा जमा न करने और ज्वलनशील वस्तुओं के निपटान में सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर इसे कचरे में लगी आग से जुड़ा मामला माना जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com