अमरावती: कमर में लोडेड देसी कट्टा लगाकर दहशत फैला रहा अपराधी गिरफ्तार; एलसीबी की टीम ने जाल बिछाकर दबोचा

अमरावती के परतवाड़ा में देसी कट्टे के साथ अक्षय उईके को गिरफ्तार किया गया, पुलिस ने 10 हजार का माल जब्त किया।
amrawati-179
Updated on

Amravati Crime News: परतवाडा थाना क्षेत्र में फॉरेस्ट डिपो इलाके में देशी कट्टा लेकर दहशत फैलाने वाले एक युवक को ग्रामीण अपराध शाखा (एलसीबी) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अक्षय मोहन उईके (27), निवासी कालीमाता नगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 10,100 रुपये बताई गई है।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई

आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशाल आनंद ने अपराध शाखा को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान एलसीबी टीम को सूचना मिली कि आरोपी फॉरेस्ट डिपो क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सैक्रेड हार्ट स्कूल के सामने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।

तलाशी में मिला लोडेड हथियार

गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी की कमर से देशी कट्टा बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि कट्टे में पहले से ही एक जिंदा कारतूस लोड था, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है।

मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे परतवाडा पुलिस के हवाले किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत और सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार के मार्गदर्शन में एलसीबी प्रमुख निरीक्षक किरण वानखड़े के नेतृत्व में की गई।

Navbharat Live
navbharatlive.com