अमरावती विधान परिधान चुनाव आज, कड़ी सुरक्षा में होगी मतगणना

Amravati MLC Election: अमरावती विधान परिषद चुनाव की मतगणना आज 22 जून को स्थानीय नियोजन भवन में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इस प्रक्रिया के लिए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Amravati MLC Election
प्रवीण पोटे पाटिल और नीलेश विश्वकर्मा (सोर्स - फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Amravati Vote Counting Update: अमरावती में विधान परिषद जिला चुनाव की मतगणना सोमवार 22 जून को स्थानीय नियोजन भवन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न होगी। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होगी और सुबह 10 से 11 बजे के बीच परिणाम घोषित होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि 18 जिले के 7 मतदान केंद्रों में कुल 451 मतदाताओं में से 427 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को कड़े पुलिस  बंदोबस्त के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया था।

मतगणना के लिए 2 टेबल की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक टेबल पर एक उपजिलाधिकारी, एक तहसीलदार, एक नायब तहसीलदार तथा एक सूक्ष्म निरीक्षक (बैंक अधिकारी) की नियुक्ति की गई है। इस प्रकार दोनों टेबलों पर कुल 8 अधिकारी मतगणना प्रक्रिया में कार्यरत रहेंगे। मतगणना की शुरुआत मतपत्रिकाओं को 25-25 के बंडलों में वर्गीकृत करने से होगी। इस प्रारंभिक प्रक्रिया में लगभग 45 मिनट का समय लगने की संभावना है।

इसके बाद प्रथम वरीयता (फर्स्ट प्रेफरेंस) मतों की गणना शुरू की जाएगी। अधिकारियों का अनुमान है कि मतों की संख्या सीमित होने के कारण परिणाम अपेक्षाकृत जल्दी सामने आ सकता है और संभव है कि पहले ही दौर में विजेता उम्मीदवार स्पष्ट हो जाए। मतगणना को लेकर जिलेभर में उत्सुकता का माहौल है, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की निगाहें आज घोषित होने वाले परिणामों पर टिकी हुई हैं।

हैट्रिक जीत दर्ज करेंगे

भाजपा उम्मीदवार प्रवीण पोटे पाटिल ने कहा है कि "पिछले दो चुनावों की तरह इस बार भी जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और विकास के प्रति लोगों की आस्था के बल पर हम ऐतिहासिक हैट्रिक जीत दर्ज करेंगे।"

धनशक्ति के विरुध्द हमारी लड़ाई

वंचित आघाड़ी उम्मीदवार नीलेश विश्वकर्मा ने कहा है कि  "हमारी लड़ाई धनशक्ति के विरुध्द जनशक्ति की थी। हमने पार्षदों के हित के लिए यह लडाई लड़ी थी। अब उसमें हम कितने सफल होते है, यह परिणाम बताएंगे, कांग्रेस ने अंतिम समय तक हमारा साथ नहीं दिया, यह भी इतिहास में लिखा जाएगा।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com