Amravati News: अमरावती में महाराष्ट्र बंद का असर, छात्रों के समर्थन में निकला विरोध मार्च

Amravati Closed: दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में वंचित बहुजन आघाड़ी के आह्वान पर अमरावती, दर्यापुर और जिले के कई शहरों में महाराष्ट्र बंद का व्यापक असर देखने को मिला।
amravati maharashtra bandh student protest jantar mantar
छात्र विरोध प्रदर्शन- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Amravati Student Protest: दिल्ली में प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में वंचित बहुजन आघाड़ी के आह्वान पर गुरुवार को अमरावती में महाराष्ट्र बंद का व्यापक असर देखने को मिला। वंचित बहुजन आघाड़ी और भारतीय बौद्ध महासभा के नेतृत्व में निकाले गए आंदोलन के दौरान शहर के प्रमुख बाजारमें अनेक व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

आंदोलन की शुरुआत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं मृत छात्रा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राजकमल चौक, कॉटन मार्केट, मालवीय चौक सहित विभिन्न बाजारों में व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने का अनुग्रह किया। कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से बंद रखा तो कई क्षेत्रों में दुकानें खुली रही। आंदोलन के दौरान कही भी किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं रहा।

बंद रहे व्यापारिक प्रतिष्ठान

आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। आंदोलन में वंचित बहुजन आघाड़ी के जिलाध्यक्ष राहुल मेश्राम, भारतीय बौद्ध महासभा के जिलाध्यक्ष प्रा. प्रकाश बोरकर सुरेश तायडे, नयन मोंढे, पी.एस. खडसे उत्तमराव गवई, डॉ. गोपीचंद मेश्राम, रमेश रामटेके, रमेश आठवले, राहुल भालेराव, हिम्मत ढोले, वनदेव मोहोड, अजय रामटेके, रोशन गजभिये, प्रा.  अशांत रंगरी, गणपत तिडके, संगीता तायडे, एल.जे. वानखड़े और राजेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

दर्यापुर में निकला जनाक्रोश मोर्चा

वंचित बहुजन आधाड़ी के महाराष्ट्र बंद का दर्यापुर में मिला-जुला और व्यापक असर देखने को मिला। अमरावती जिलाध्यक्ष संजय चोरपगार के मार्गदर्शन में यह आदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। आंदोलन के दौरान शहर के मुख्य बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और दुकाने पूरी तरह बंद रही।

कई शहरों में प्रदर्शन

गांधी चौक से तहसील कार्यालय तक एक विशाल जन-आक्रोश मोर्चा निकाला गया, जिसमें नागरिक, छात्र, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में हाथों में संविधान व लोकतंत्र के समर्थन में तख्तियां लेकर शामिल हुए। तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें छात्रों पर हुए अन्याय की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस का कड़ा बंदोबस्त रहा, जिलाध्यक्ष संजय चोरपगार ने इस सफल और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए शहरवासियों और व्यापारियों का आभार माना।

जिले भर में जोरदार प्रदर्शन

वंचित बहुजन आघाड़ी के बंद के आवाहन पर चांदुर रेल्वे, तिवसा, दर्यापुर, अंजनगांव सुर्जी, नांदगाव खडेश्वर, धामणगांव रेल्वे सहित जिले भर में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया, कई स्थानों पर बारिश के बावजूद भी कार्यकर्ताओं ने रास्तों पर उतरकर दिल्ली की घटना का जोरदार विरोध करते हुए नारेबाजी की।

Navbharat Live
navbharatlive.com