

Amravati Illegal Moneylending: सूखा प्रभावित किसानों, महिला बचत समूहों और माइक्रोफाइनेंस कर्जदारों से कथित मनमानी वसूली का मुद्दा विधायक बच्चू कडू ने सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील के समक्ष उठाया। इसके बाद मंत्रालय में विशेष बैठक आयोजित कर अवैध साहूकारी के लंबित मामलों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला उपनिबंधकों को प्रकरणवार त्वरित निर्णय लेने तथा लंबित DDR मामलों का तीन माह में निपटारा करने के निर्देश दिए गए। सूखे की स्थिति में किसानों और महिला बचत समूहों पर मानसिक एवं आर्थिक दबाव डालकर वसूली करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
अवैध साहूकारी के माध्यम से जमीन अथवा संपत्ति हड़पने संबंधी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा करने तथा जिला उपनिबंधक और पुलिस प्रशासन को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा गया।
विधायक बच्चू कडू ने कहा कि सूखे में किसान पहले ही संकट में है। सरकार की राहत के बाद भी यदि साहूकार या माइक्रोफाइनेंस कंपनियां वसूली के नाम पर उसका उत्पीड़न करती हैं, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लंबित मामलों को तीन माह में निपटाकर परेशान करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।