अमरावती: राजस्थान और मुंबई से अमरावती तक फैला MD ड्रग्स नेटवर्क, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने MD तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, 78 ग्राम MD और मोबाइल जब्त किए।
amrawati-186
Published on: 
Updated on: 

Amravati MD Drugs News: अमरावती में नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एमडी ड्रग्स का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है, जिसकी कड़ियां राजस्थान से मुंबई होते हुए अमरावती तक जुड़ी मिली हैं।

अपराध शाखा ने लालखडी से नवसारी रिंगरोड पर कार्रवाई करते हुए एमडी की खेप लेकर आए और उसे लेने पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 78 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) और तीन मोबाइल फोन सहित करीब 12.16 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।

मुख्य सप्लायर मुंबई का, कनेक्शन राजस्थान से

पलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अजीम असद शेख (माहीम, मुंबई) एमडी की सप्लाई करता था। पूछताछ में उसने बताया कि वह राजस्थान के नागौर क्षेत्र से करीब 2.5 किलो एमडी खरीदकर लाया था, जिसे अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई किया जा रहा था।

जाल बिछाकर पकड़े गए आरोपी

गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। आरोपी अजीम शेख अमरावती पहुंचा और स्थानीय आरोपी शेख समीर शेख अमीर (25, गवलीपुरा) को एमडी देने के लिए मिला। इसी दौरान दोनों को हिरासत में लिया गया।

पहले भी बड़ी कार्रवाई से जुड़ा नाम

पुलिस के अनुसार, आरोपी अजीम असद शेख का नाम पहले भी सामने आ चुका है। वर्ष 2025 में तेलंगाना में उससे जुड़े मामले में 550 किलो गांजा जब्त किया गया था।

जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर जोर

शहर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है। इस कार्रवाई के बाद एमडी नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और विक्रेताओं पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com