Amravati Division 10th Result: बुलढाणा जिला रहा अव्वल, बेटियों ने फिर गाड़े सफलता के झंडे

Buldana Tops In SSC Result: महाराष्ट्र बोर्ड 10वीं परीक्षा 2026 में अमरावती संभाग का परिणाम 90.50% रहा। बुलढाणा जिला अव्वल रहा, जबकि छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया।
Amvarati SSC result 2026
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - AI)
Updated on

Amravati Division 10th Result District Wise:  महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं के परिणामों में अमरावती संभाग का कुल परीक्षाफल 90.50% रहा है। हालांकि, पिछले वर्ष (92.95%) की तुलना में इस बार सफलता के प्रतिशत में 2.45% की गिरावट दर्ज की गई है। नौ विभागीय मंडलों की रैंकिंग में अमरावती इस साल भी छठे स्थान पर कायम है। इस वर्ष संभाग से 1,60,037 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 1,44,835 सफल रहे।

छात्राओं ने फिर साबित की अपनी श्रेष्ठता

बेटियों ने एक बार फिर लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर अपना लोहा मनवाया है। संभाग में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.04% रहा, जबकि छात्रों का प्रतिशत 87.35% दर्ज किया गया। आंकड़ों के अनुसार, 70,257 छात्राएं सफल हुई हैं, जबकि सफल होने वाले छात्रों की संख्या 74,578 है। जिलावार प्रदर्शन: बुलढाणा अव्वल, वाशिम फिसड्डी संभाग के पांचों जिलों में बुलढाणा ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। जिलावार सफलता का विवरण नीचे दी गई तालिका में देख सकते हैं:

जिला सफलता का प्रतिशत (%)
बुलढाणा 93.95% (प्रथम)
अकोला 90.74%
अमरावती 90.06%
यवतमाल 88.38%
वाशिम 88.04% (अंतिम)

श्रेणीवार सफलता का ब्योरा

इस वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने शानदार अंक प्राप्त किए हैं। श्रेणीवार उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या इस प्रकार है:

  • विशेष योग्यता (75% से अधिक): 41,149 विद्यार्थी
  • प्रथम श्रेणी (60% से अधिक): 48,774 विद्यार्थी
  • द्वितीय श्रेणी (45% से अधिक): 42,002 विद्यार्थी
  • उत्तीर्ण श्रेणी (35% से अधिक): 13,670 विद्यार्थी

नकल के मामलों में अमरावती सबसे आगे

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए संभाग में 711 केंद्र बनाए गए थे। इसके बावजूद कुल 68 नकलची पकड़े गए, जिनमें सर्वाधिक 51 मामले अकेले अमरावती जिले से सामने आए।

जिला पकड़े गए नकलची
अमरावती            51
अकोला            5
बुलढाणा            5
यवतमाल            4
वाशिम            3

अंकों से असंतुष्ट छात्रों के लिए 'श्रेणी सुधार' का मौका

जो विद्यार्थी अपने प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए शिक्षा मंडल ने 'गुण सुधार योजना' का विकल्प दिया है। इसके तहत छात्र आगामी तीन परीक्षाओं में शामिल होकर अपना स्कोर सुधार सकते हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार सत्र समय पर शुरू करने के लिए परीक्षाएं 10 दिन पहले आयोजित की गई थीं, जिससे परिणाम भी समय से पहले घोषित हो सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com