आमझरी बनेगा हनी विलेज, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

आमझरी गांव को हनी विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
amrawati-396
Published on: 
Updated on: 

Amravati News: महाराष्ट्र के मेलघाट क्षेत्र में स्थित आमझरी गांव को हनी विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए त्रिपक्षीय समझौता MoU किया गया है।

इस अवसर पर पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले सहित विधायक सुलभा खोडके, राजेश वानखडे, केवलराम काले, महापौर श्रीचंद तेजवानी, जिलाधिकारी आशिष येरेकर उपस्थित थे। यह समझौता महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल, वन विभाग और आमझरी ग्राम पंचायत के बीच चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में हुआ।

परियोजना के तहत खादी ग्रामोद्योग मंडल तकनीकी प्रशिक्षण देगा, वन विभाग बुनियादी ढांचा विकसित करेगा, जबकि ग्राम पंचायत संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगी। इस योजना का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों का सतत उपयोग करते हुए आदिवासी समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना है।

आशीष येरेकर के नेतृत्व में इस प्रोजेक्ट को संयुक्त पहल के रूप में लागू किया जाएगा। परियोजना के लिए कुल 81 लाख रुपये का फंड मंजूर किया गया है, जिसमें 54 लाख खादी ग्रामोद्योग मंडल और 27 लाख जिला नियोजन समिति द्वारा दिए जाएंगे।

इसके तहत पर्यटन परिसर में हनी प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट, सामूहिक सुविधा केंद्र और सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। साथ ही हनी थीम पर आधारित सेल्फी पॉइंट और पर्यावरण अनुकूल सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, जिससे हनी टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इस पहल से स्थानीय महिला समूहों, युवाओं और स्वसहायता समूहों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com