

Amravati Rural Police Helmet Campaign: अमरावती ग्रामीण पुलिस विभाग द्वारा जिले के नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर दोपहिया वाहनों पर हेलमेट के उपयोग को लेकर सोमवार 22 जून से एक विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने सभी नागरिकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की है।
वर्ष 2025 में 70 फीसदी मौतें दोपहिया सवारों की पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं का विश्लेषण करने पर एक बेहद चिंताजनक बात सामने आई है। इन हादसों में होने वाली कुल मौतों में से 70 प्रतिशत मौतें दोपहिया वाहन चालकों और उन पर पीछे बैठने वाले लोगों की हुई हैं।
इन दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग वो थे जिन्होंने मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट का उपयोग नहीं किया था। ग्रामीण पुलिस की विभिन्न टीमें प्रमुख चौराहों और मागों पर तैनात रहेंगी।
नियमों का उल्लंघन करने वाले और बिना हेलमेट पाए जाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी नागरिकों से इस जीवन रक्षक अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
अमरावती पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने कहा है कि "दुर्घटनाएं बताकर नहीं आतीं, इसलिए सुरक्षा सर्वोपरि है। केवल पुलिस की दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए आईएसआई प्रमाणित हेलमेट का ही उपयोग करें।"