40 यात्रियों पर गांव से मिलेगी सीधी बस, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा यात्रा लाभ

Pandharpur Ashadhi Yatra: आषाढ़ी एकादशी पर पंढरपुर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अकोला मंडल से सभी डिपो से विशेष ST बसें चलाई जाएंगी; 40 यात्रियों पर गांव‑विशेष बस व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
Special ST buses for Pandharpur From Akola
एसटी बस प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मिडिया)
Published on: 
Updated on: 

Special ST buses for Pandharpur From Akola: अकोला में आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर पंढरपुर में भगवान विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने व्यापक परिवहन व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत अकोला विभाग के सभी बस डिपो से पंढरपुर के लिए विशेष बसें संचालित करने की योजना बनाई जा रही है। विभाग नियंत्रक के मार्गदर्शन में जल्द ही 'पंढरपुर यात्रा नियोजन समिति' का गठन किया जाएगा, जो इस संपूर्ण व्यवस्था की बारीकी से निगरानी करेगी।

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष राज्य के विभिन्न हिस्सों से लाखों वारकरी और श्रद्धालु आषाढ़ी एकादशी पर पंढरपुर पहुंचते हैं। अनेक श्रद्धालु जहां पैदल पालकी यात्रा में शामिल होते हैं, वहीं बड़ी संख्या में लोग एसटी बसों के माध्यम से यात्रा करना पसंद करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक सफर सुनिश्चित करने के लिए विशेष परिवहन योजना तैयार की गई है।

वापसी यात्रा के लिए भी रहेगा विशेष प्रबंध

ST महामंडल के अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष आषाढ़ी यात्रा के दौरान विशेष बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित की गई थी। इस बार यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए और भी अधिक व्यापक व्यवस्था की जा रही है। एकादशी के दिन दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ अपने गांवों की ओर लौटते हैं, जिससे परिवहन व्यवस्था पर अचानक दबाव बढ़ जाता है।

इसे नियंत्रित करने के लिए एसटी के यातायात नियंत्रक, सुरक्षा कर्मचारी तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से सुचारु यातायात संचालन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को वापसी में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

40 यात्रियों की मांग पर गांव से सीधे मिलेगी विशेष बस

ST महामंडल के नियमानुसार, यदि किसी भी गांव या परिसर से 40 या उससे अधिक श्रद्धालु सामूहिक रूप से पंढरपुर जाने की मांग करते हैं, तो महामंडल द्वारा उस गांव से सीधे पंढरपुर के लिए विशेष बस उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए इच्छुक यात्रियों से अपने नजदीकी एसटी बस डिपो में जाकर अग्रिम पंजीकरण (एडवांस रजिस्ट्रेशन) कराने की अपील की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन विशेष बसों में भी सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी यात्रा रियायतें पूर्ववत लागू रहेंगी। इसके तहत:

  • अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना: 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को पूरी तरह से निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
  • महिला सम्मान योजना: इसके अंतर्गत सभी महिला यात्रियों को बस किराए में 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी।