महाराष्ट्र के 63 लाख किसानों को मिलेगी बड़ी राहत, CM देवेंद्र फडणवीस ने की 2 लाख तक कर्जमाफी की घोषणा

Kisan Karzmukti Yojana: सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में 63 लाख किसानों के लिए 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी की ऐतिहासिक घोषणा की है, जिससे आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
Maharashtra Farmers Loan Waiver Scheme
महाराष्ट्र विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सोर्स- Youtube @maharashtra_assembly_live)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra Farmers Loan Waiver Scheme: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के किसानों को बड़ी राहत देते हुए व्यापक कर्जमाफी योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में घोषणा की कि राज्य के 63 लाख किसानों को कर्जमाफी का लाभ दिया जाएगा। इस निर्णय को किसानों के हित में महायुति सरकार का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस निर्णय के पीछे अकोला के विधायक रणधीर सावरकर के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानमंडल प्रतोद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव, विधायक रणधीर सावरकर ने विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के अन्य विधायकों के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर पुरानी कर्जमाफी योजना से वंचित किसानों को भी राहत देने की मांग की थी।

CM ने की नई घोषणा

जिसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कर्जमाफी की घोषणा की पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत राज्य के 50 लाख से अधिक किसानों को 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी दी जाएगी।

इसके अलावा, वर्ष 2019 की महात्मा ज्योतिराव फुले किसान कर्जमुक्ति योजना के अंतर्गत शामिल 13 लाख बकायादार किसानों को पहले निर्धारित 50 हजार रुपये के स्थान पर अब 2 लाख रुपये तक की सहायता देने का निर्णय लिया गया है। मानसून सत्र के दौरान 23 जून को प्रस्ताव पर हुई चर्चा में रणधीर सावरकर ने सदन में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से विशेष राहत देने का आग्रह किया था।

साथ ही, मुख्यमंत्री ने बताया कि यह राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी कर्जमाफी है, जिससे करीब 56 लाख किसानों को 36,585 करोड़ रुपये का सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

रणधीर सावरकर ने कहा कि वर्ष 2021-22 और 2022-23 में सूखे तथा 2025-26 और 2026-27 में अतिवृष्टि और अल नीनो के प्रभाव से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे कठिन समय में सरकार का यह फैसला लाखों किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगा।

सरकार का जताया आभार

इस निर्णय पर विधायक रणधीर सावरकर सहित अन्य विधायकों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com