अकोला जिले में ईद-उल-फितर की धूम; पातुर और बोरगांव मंजू में उमड़ा जनसैलाब, अमन-चैन के लिए मस्जिदों में हुई दुआ

ईदउलफितर का त्यौहार जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जहां नमाज के बाद एकदूसरे को शुभकामनाएं दी गईं।
akola-364
Published on: 
Updated on: 

Akola Eid celebrations News: अकोला जिले में ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर उन्होंने त्योहार की खुशियां मनाईं, वहीं घर-घर सेवईं और मिठाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी एक-दूसरे के घर जाकर शुभकामनाएं दीं, जिससे जिले में आपसी भाईचारा और एकता का संदेश मजबूत हुआ।

पातुर में हर्षोल्लास से मनाया गया ईद का त्योहार

पवित्र रमजान माह की समाप्ति के बाद पातुर में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और आपसी सद्भाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह में नमाज के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के पश्चात सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ‘ईद मुबारक’ कहकर शुभकामनाएं दीं। शहर के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई, जहां देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं। यह पर्व आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश लेकर आया, जिसे लोगों ने पूरे उत्साह के साथ आत्मसात किया।

बोरगांव मंजू में ईद-उल-फितर उत्साह के साथ मनाई गई

बोरगांव मंजू में मुस्लिम समाज ने ईद-उल-फितर का पर्व उत्साह, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे के वातावरण में मनाया। इस अवसर पर सुबह सभी लोग मंजू शाह बाबा दरगाह पर एकत्रित हुए और सामूहिक नमाज अदा कर विश्व में अमन-शांति के लिए दुआ की।

मौलाना सैयद शफकत ने इस्लामी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला, जबकि मौलाना जहीर की इमामत में नमाज अदा की गई। इस दौरान देश में शांति, सौहार्द और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।

त्योहार के मौके पर घरों में पारंपरिक व्यंजन जैसे सेवईं और शीर खुरमा बनाकर लोगों ने उत्सव का आनंद लिया। दरगाह परिसर में छोटे-बड़े सभी लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com