

Religious Event Akola: सामाजिक एवं धार्मिक सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय माहेश्वरी वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ की ओर से पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर भक्ति, आस्था और संस्कृति से ओतप्रोत भव्य आनंदोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की आकर्षक नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित समाजबंधुओं ने भरपूर सराहना दी। संपूर्ण कार्यक्रम श्रीराम की भक्ति, भजन एवं आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।
पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ की 91 महिला सदस्यों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ 91 रामायण पाठ पूर्ण किए। इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत प्रत्येक महिला सदस्य ने शुभता और समृद्धि के प्रतीक जवारे अपने घरों में बोकर उनका पालन-पोषण किया। इसके पश्चात सभी महिलाओं ने जवारे अपने सिर पर धारण कर परिसर में भव्य शोभायात्रा निकाली। जय श्रीराम के उद्घोष, भक्ति गीतों और उत्साह से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस मौके पर भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक प्रसंग को नाटकीय रूप में साकार किया गया। नाटिका में भगवान श्रीराम के रूप में रेखा मोहता, माता सीता के रूप में सुलोचना सिंगी, लक्ष्मण के रूप में सुनीता मालानी, भरत के रूप में कुमुद राठी तथा शत्रुघ्न के रूप में किरण लढ्ढा ने प्रभावशाली अभिनय किया। वहीं बालक शिवांश हेडा ने बजरंगबली के रूप में अपनी जीवंत प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। रामायण के प्रसंगों पर
राजकुंवर लढ्ढा के समूह ने “मंगल भवन अमंगल हारी” गीत पर सुंदर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरुआत की। सुलोचना सिंगी के समूह ने भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग पर आधारित “भये प्रकट कृपाला दीनदयाला” भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंगला तापड़िया के समूह ने “केवट ने कहा रघुराई से” भजन के माध्यम से प्रभु और भक्त के अनूठे प्रेम को दर्शाया। इसी क्रम में सुनंदा सोमानी के समूह ने “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” भजन पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वीणा राठी के समूह ने शिव आराधना से जुड़े “शिव रुद्राष्टकम” का सजीव मंचन किया, जबकि वीणा चांडक के समूह ने “अयोध्या सी नगरी हो” भजन पर मनोहारी प्रस्तुति देकर सभी का मन जीत लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुशीला गांधी, शकुंतला चांडक, डॉ. सरोज राठी, राजकुंवर लढ्ढा, सरोज लढ्ढा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।